Vinesh Phogat: कुश्ती संघ के अध्यक्ष पर लड़कियों के यौन शोषण के गंभीर आरोप, पहलवानों का जंतर-मंतर पर प्रदर्शन

0

विनेश फोगाट ने कुश्ती संघ के अध्यक्ष पर आरोप लगाया है, कि उन्होंने कई लड़कियों का यौन शोषण किया है। इसके साथ ही उन्होंने पुरुष कोच पर भी लड़कियों के यौन शोषण का आरोप लगाया है, जिससे चारों ओर सनसनी फैल गई है।

जंतर-मंतर पर भारतीय पहलवान कर रहे हैं प्रदर्शन

News Jungal sports desk: दिल्ली के जंतर-मंतर पर भारतीय पहलवान भारतीय कुश्ती संघ के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। जंतर-मंतर में हो रहे इस प्रदर्शन में कुल 30 पहलवान शामिल हैं। ओलंपिक और राष्ट्रमंडल खेलों में पदक जीतने वाले पहलवान भी इस प्रदर्शन में शामिल हुए हैं। पहलवानों ने कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। प्रदर्शन में शामिल पहलवान विनेश फोगाट ने कुश्ती संघ के अध्यक्ष और कोच के पर महिलाओं के उत्पीड़न का आरोप लगाया है। 

विनेश फोगाट ने कहा, ”कोच महिला खिलाड़ियों को प्रताड़ित करते हैं और फेडरेशन के पसंदीदा कुछ कोच महिला कोचों के साथ भी बदसलूकी करते हैं। वे लड़कियों का यौन उत्पीड़न करते हैं। डब्ल्यूएफआई अध्यक्ष ने कई लड़कियों का यौन उत्पीड़न किया है।” विनेश फोगाट ने कहा है कि कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण और कई पुरूष कोच लड़कियों का यौन शोषण करते हैं। 

जंतर-मंतर पर मौजूद अन्य पहलवानों ने कहा, ”संघ हमारे निजी जीवन में भी दखल देते हैं और हमें परेशान करते हैं। वे हमारा हर तरह से शोषण कर रहे हैं। जब हम ओलंपिक में गए थे तो हमारे पास फिजियो या कोच नहीं था। इस संबंध में जब से हमने आवाज उठाई है, हमें धमकाया जा रहा है।”

विनेश फोगाट ने कहा “टोक्यो ओलंपिक में हार के बाद डब्ल्यूएफआई अध्यक्ष ने मुझे ‘खोटा सिक्का’ कहा था। डब्ल्यूएफआई ने मुझे मानसिक रूप से प्रताड़ित भी किया। मैं हर दिन अपने जीवन को समाप्त करने के बारे में सोचा करती थी। अगर किसी पहलवान को कुछ होता है तो इसकी जिम्मेदारी डब्ल्यूएफआई अध्यक्ष की होगी।”

जानें पूरा मामला
भारत के कई दिग्गज पहलवान दिल्ली के जंतर-मंतर में भारतीय कुश्ती संघ के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। इन पहलवानों ने राष्ट्रीय महासंघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह पर तानाशाही के आरोप लगाए हैं। विरोध प्रदर्शन कर रहे पहलवानों में टोक्यो ओलंपिक के कांस्य पदक विजेता बजरंग पुनिया, साक्षी मलिक और विश्व चैम्पियनशिप पदक विजेता विनेश फोगाट जैसे देश के कई शीर्ष पहलवान शामिल हैं।

अपने प्रदर्शन को लेकर पहलवान बजरंग पुनिया ने कहा “भारतीय कुश्ती महासंघ पहलवानों को परेशान कर रहा है। जो लोग महासंघ का हिस्सा हैं उन्हें खेल के बारे में कुछ नहीं पता है। अब हम कुश्ती महासंघ में चल रही तानाशाही को और बर्दाश्त नहीं करना चाहते।” वहीं ओलंपिक पदक विजेता पहलवान साक्षी मलिक ने कहा “हम भारतीय कुश्ती महासंघ के खिलाफ विरोध कर रहे हैं। हम सभी पहलवान यहां इकट्ठे हुए हैं।”

इस दौरान भारतीय कुश्ती संघ के सहायक सचिव विनोद तोमर प्रदर्शन कर रहे पहलवानों से मिलने पहुंचे। उन्होंने कहा कि “डब्ल्यूएफआई अध्यक्ष को लिखे पत्र से पता चला कि कुछ पहलवान विरोध में बैठे हैं। मैं उनसे उनकी समस्या पूछने आया हूं। एक बार जब वे फेडरेशन में आ जाएंगे तो सारी समस्याएं सुलझा लेंगे। उन्होंने मुझे अभी तक नहीं बताया कि मामला किस बारे में है। अभी तक मेरे या फेडरेशन के सामने कोई मुद्दा नहीं उठाया गया है।”

आरोपों पर कुश्ती संघ के अध्यक्ष की सफाई
अपने ऊपर लगे आरोपों पर कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह सामने आए और कहा कि, ‘क्या ऐसा कोई खिलाड़ी है जो आकर कह सकता हो कि कुश्ती संघ ने उसे प्रताणित किया या उसका किसी भी प्रकार से उत्पीड़न किया है? क्या उन्हें पिछले दस साल से फेडरेशन से कोई समस्या नहीं थी? ये सारी बातें तब हो रही हैं जबसे नए नियम लागू हुए हैं। प्रदर्शन पर बैठे पहलवानों ने ओलंपिक के बाद से किसी भी राष्ट्रीय टूर्नामेंट में हिस्सा नहीं लिया है।  

Also read: जम्मू कश्मीर: कांग्रेस को बड़ा झटका, कठुआ गैंगरेप से जुड़े कांग्रेसी नेता का इस्तीफा

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *