Kanpur: 23 साल में पहली बार रात का तापमान 35 डिग्री के पार, मानसून में भी देरी की संभावना

0

Weather News: दिन में लू के थपेड़े लोगों को झुलसा रहे हैं तो रात में बेचैन करने वाली गर्मी से नींद में दिक्कत हो रही है। इस साल मंगलवार की रात सबसे गर्म रही है। वहीं, दोपहर बाद हुई हल्की बारिश ने भी उमस को बढ़ा दिया है।

News Jungal Desk: कानपुर में भीषण गर्मी में दिन ही नहीं रात का भी सुकून छिन चुका है। स्थानीय मौसम विभाग के पास जो आंकड़ा मौजूद है, उसके अनुसार 23 साल में ऐसा पहली बार हुआ है, जब रात का तापमान 35 डिग्री से भी ऊपर पहुंच चुका है। मंगलवार-बुधवार रात को यह 35.3 डिग्री रिकॉर्ड किया गया था।

वहीं दिन का तापमान 43.8 डिग्री दर्ज किया गया था, यह पिछले 11 साल में 14 जून को सबसे ज्यादा है। इस बीच दोपहर बाद शहर के कुछ हिस्सों में हुई हल्की बारिश ने गर्मी और बढ़ा दी है। गर्मी के चलते पूरी रात लोग करवट बदलते रहे हैं। पंखे की हवा भी बेअसर रही। बिजली गुल होने पर लोग छतों पर पहुंच गए थे।

अगले तीन दिन ऐसा ही मौसम रहने के आसार
सीएसए के मौसम विभाग प्रमुख डॉ. एसएन पांडेय के अनुसार दिन और रात में भीषण गर्मी व उमस आगे भी बनी रहने की संभावना बनी रहेगी। फिलहाल तेज बारिश के संकेत अभी नहीं हैं। मौसम विभाग के अनुसार पिछले करीब एक सप्ताह से रात का तापमान तेजी से बढ़ रहा है।

पश्चिमी विक्षोभ से पड़ा असर
इसकी सबसे बड़ी वजह दिन में आसमान का खुला रहना और रात में पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते बादलों का तेजी से आना है। इससे जमीन की गर्मी ऊपर जाने के बजाए कुछ ऊपर जाकर ही रुक जाती है। उन्होंने आगे बताया कि अभी अगले 3 दिनों तक इस तरह की दिक्कत रह सकती है।   

अधिकतम और न्यूनतम तापमान में मात्र 8.5 डिग्री का अंतर
अधिकतम और न्यूनतम तापमान में बुधवार को महज 8.5 डिग्री सेल्सियस का अंतर रह गया, जबकि दोनों के तापमान में 15 से 20 डिग्री का अंतर होना चाहिए। दिन में करीब 10 किलोमीटर की रफ्तार से हवाएं चलीं।

Read also: गुजरात दंगों में अहमद पटेल ने नरेंद्र मोदी को फंसाने की रची थी साजिश: राज्य सरकार

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *