उत्तर प्रदेश में गर्मी के तेवर डरा रहे लोगों को, पारा पहुंचा 40 डिग्री के पार

0

उत्तर प्रदेश में गर्मी के तेवर लोगों को डरा रहे हैं। अप्रैल के पहले सप्ताह में ही लखनऊ, मेरठ,प्रयागराज, वाराणसी, गोरखपुर समेत कई अन्य शहरों में पारा 40 डिग्री के पार पहुंच गया है। मेरठ में गुरुवार को गर्मी ने पिछले 42 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। यहां का अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

वहीं आगरा प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा। यहां का अधिकतम तापमान 42.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। इससे पहले बुधवार को कानपुर में सीजन का सर्वाधिक गर्म दिन रहा। यहां का अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री और न्यूनतम 17.2 डिग्री रिकार्ड किया गया। गुरुवार को यहां 3.5 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चली।

ये भी पढ़ें-: क्या है कोराना का XE वेरिएंट, कितनी तेजी से फैलता है? एक्सपर्ट से जानें जवाब

अगले 5 दिनों में प्रयागराज, झांसी, अलीगढ़,हाथरस, आगरा और मथुरा समेत 6 जिलों में पारा 44 डिग्री के पार पहुंच सकता है। मौसम विभाग ने राज्य में 12 अप्रैल तक भीषण गर्मी का अलर्ट जारी किया है।

जिलातापमान (डिग्री सेल्सियस)
आगरा42.8
प्रयागराज42.6
वाराणसी42.4
हमीरपुर42.2
सुल्तानपुर42


मेरठ में 2008 और 2015 में पड़ी थी ऐसी भीषण गर्मी

मेरठ में गुरुवार को अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17.9 डिग्री दर्ज किया गया। यह औसत से क्रमश: पांच और दो डिग्री अधिक है। भारतीय कृषि प्रणाली अनुसंधान संस्थान मोदीपुरम के मौसम विज्ञानी डा. एन. सुभाष ने बताया कि पिछले 42 वर्षों में वर्ष 2022 में अप्रैल के पहले सप्ताह में अधिकतम तापमान रहा है।

मेरठ में एक से सात अप्रैल 2022 तक अधिकतम औसत तापमान 38.4 डिग्री दर्ज किया गया है। पिछले वर्ष 2021 अप्रैल के पहले सप्ताह में अधिकतम औसत तापमान 35.4 डिग्री तक पहुंचा था।

इससे पहले वर्ष 2016 में 36.4 और वर्ष 2000 में 37.6 डिग्री रहा। अप्रैल 1980 में मेरठ का अधिकतम औसत तापमान 34.5 डिग्री दर्ज किया गया था। इसमें सबसे कम अप्रैल 2008 और वर्ष 2015 में मेरठ का अधिकतम औसत तापमान 28 से 29 डिग्री के बीच रहा है।

कानपुर में दस दिनों में 42 डिग्री के पार पहुंचेगा पारा
कानपुर में सीएसए यूनिवर्सिटी के मौसम विज्ञानी डा. एसएन सुनील पांडेय के मुताबिक कानपुर सहित उत्तर प्रदेश और पूरे उत्तर भारत के तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। कानपुर के लिए आने वाले दिन बेहद गर्म होने रहने वाले हैं।दस से 15 दिनों में यहां का पारा 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

9 अप्रैल तक 6 जिलों में अलर्ट

मौसम विभाग के निदेशक जेपी गुप्ता के अनुसार, प्रदेश भर में पछुआ हवाओं का चलना जारी रहेगा। प्रयागराज, अलीगढ़, झांसी, हाथरस, आगरा और मथुरा में नौ अप्रैल तक बहुत गर्म हवा चलने की चेतावनी जारी की गई है।

दोपहर में घर से न निकलने की सलाह
मौसम विभाग के मुताबिक हीट वेव के साथ लू भी चलेगी। सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक की धूप सबसे ज्यादा नुकसानदायक है। इसलिए लोगों को सलाह दी गई है कि इस समय पर न निकलें। जानवरों को भी इस समय चरने के लिए बाहर न छोड़े। पशुओं को भी सुबह-शाम जरूर नहलाएं। वहीं 11 से 4 बजे के बीच खेती का कार्य भी न करने की सलाह दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *