आईपीएल ऑक्शन – धवन और श्रेयस को फायदा , अश्विन को हुआ नुकसान

न्यूज जंगल डेस्क .कानपुर . IPL 2022 के लिए खिलाड़ियों की नीलामी प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। आज 161 खिलाड़ियों पर जमकर बोली लगने की उम्मीद हैं। मार्की खिलाड़ियों की सूची में सबसे पहले स्टार ओपनर शिखर धवन पर बोली लगी और उनको बंपर फायदा हुआ है। जबकि पैट कमिंस पिछली नीलामी की तुलना में आधे दाम पर बिके हैं। श्रेयस अय्यर कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए खेलते हुए नजर आएंगे और ये भी उम्मीद जताई जा रही है कि वह टीम के कप्तान बन सकते हैं। 

शिखर धवन
शिखर धवन ने आईपीएल 2021 में 16 मैचों में 587 रन बनाए थे। वहीं आईपीएल करियर की बात करे तो उन्होंने 192 मैचों में 5784 रन बनाए हैं। शिखर धवन के लिए कई टीमों ने जमकर बोली लगाई। शिखर धवन को पंजाब किंग्स ने 8.25 करोड़ रुपये में खरीदा। वह मयंक अग्रवाल के साथ ओपनिंग करते हुए नजर आएंगे। धवन का बेस प्राइस 2 करोड़ रुपये था। इससे पहले वह दिल्ली कैपटिल्स टीम का हिस्सा थे, जहां उन्हें 5.2 करोड़ रुपये मिल रहे थे। जिसका मतलब है कि 3.05 करोड़ का उन्हें फायदा हुआ है। 

अश्विन
265 टी20 मैचों में 6.91 की इकॉनमी के साथ 264 विकेट ले चुके अश्विन पर भी टीमों ने जमकर बोली लगाई। उनका बेस प्राइस भी 2 करोड़ रुपये था। दिल्ली कैपिटल्स, राजस्थान रॉयल्स और पंजाब ने भी जमकर बोली लगाई। राजस्थान रॉयल्स ने उन्हें 5 करोड़ रुपये में खरीदा। दिल्ली कैपिटल्स के साथ अश्विन 7.6 करोड़ की सैलरी के साथ थे। उनको 2.6 करोड़ का घाटा हुआ। 

पैट कमिंस 

कमिंस एक बार फिर कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम ने अपनी टीम में शामिल कर लिया है। हालांकि उन्हें अपनी पिछली कीमत नहीं मिली है। उनका बेस प्राइस 2 करोड़ रुपये था। उन्हें केकेआर ने 7.25 करोड़ रुपये में खरीदा। पिछली नीलामी में उन पर जमकर पैसों की बारिश हुई थी। केकेआर ने पिछली नीलामी में कमिंस पर 15 करोड़ 50 लाख की बड़ी बोली लगाकर खरीदा था। कमिंस को 8.25 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। 

कागिसो रबाडा

दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेलने वाले कागिसो रबाडा पर भी मजकर बोली लगी। लेकिन 9.25 करोड़ रूपये की मोटी रकम देकर पंजाब किंग्स ने उन्हें अपनी टीम में शामिल कर लिया है। इससे पहले वह दिल्ली कैपिटल्स के पास 4.25 करोड़ रुपये में थे। रबाडा को सीधे 5 करोड़ का फायदा हुआ है। 

ट्रेंट बोल्ट 

मुंबई इंडियंस के लिए खेल चुके ट्रेंट बोल्ट इस सीजन राजस्थान रॉयल्स के लिए गेंदबाजी करते हुए नजर आएंगे। रॉयल्स ने उन्हें 8 करोड़ रुपये में अपनी टीम में शामिल किया है। बोल्ट मुंबई के साथ 2.21 करोड़ में थे। उनको 5.79 करोड़ का फायदा हुआ है। 

श्रेयस अय्यर

श्रेयस अय्यर के इस सीजन काफी ज्यादा में बिकने की उम्मीद थी और ऐसा ही आज की नीलामी में देखने को मिला। टीमों ने जमकर अय्यर पर बोली लगाई। लेकिन कोलकाता नाइट राइडर्स ने उन्हें 12.25 करोड़ रुपये देकर अपनी टीम में जोड़ा। वह टीम के कप्तान भी बन सकते हैं। दिल्ली ने अय्यर को 7 करोड़ रुपये में लिया था। श्रेयस को 5.25 करोड़ रुपये का फायदा हुआ है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *