मौसम विभाग : यूपी के छह से ज्यादा जिलों में आज से लू का अलर्ट जारी

0

ज़ जंगल नेटवर्क, कानपुर : मौसम विभाग ने यूपी के छह से ज्यादा जिलों में आज से लू का अलर्ट जारी किया है। वहीं, पिछले 24 घंटे में कानपुर, झांसी और आगरा में भीषण गर्मी पड़ी। यहां अधिकतम तापमान 44°C के पार पहुंच गया। उधर, राजधानी लखनऊ में भी तापमान 41°C दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि छह जिलों गौतम बुद्ध नगर, पीलीभीत, हाथरस, मैनपुरी, औरैया, प्रयागराज में आज से लू चलनी शुरू होगी।

आज रात से 12 जिलों में हल्की बारिश के आसार
चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन पांडेय के अनुसार, 12 अप्रैल की आधी रात से पश्चिमी विक्षोभ फिर सक्रिय हो रहा है, जो पश्चिमी हिमालय से शुरू होकर यूपी सहित कई राज्यों की तरफ बढ़ेगा। इसके अलावा 15 अप्रैल को एक और विक्षोभ बनने की संभावना है, जो 17 अप्रैल तक सक्रिय रह सकता है।

पांडेय ने बताया कि इन दोनों पश्चिम विक्षोभों के कारण कानपुर, कन्नौज, इटावा, हरदोई, उन्नाव, बांदा, हमीरपुर, फतेहपुर, फर्रूखाबाद, जालौन, महोबा और चित्रकूट आदि जिलों में 13 से 17 अप्रैल के बीच धूल भरी आंधी के साथ बारिश भी हो सकती है।

कैसे बदल रहा मौसम का हाल
पश्चिमी विक्षोभ के असर से हवाओं में नमी आ गई है, जिसके कारण लखनऊ का तापमान कम होकर 40°C से नीचे आ गया था। सोमवार को गर्मी ज्यादा बढ़ी तो कानपुर, झांसी और आगरा का तापमान 44°C के पार पहुंच गया। जहां रविवार को लखनऊ का तापमान 39.6°C दर्ज किया गया तो वहीं सोमवार को लखनऊ का तापमान 41.3°C तक पहुंच गया। गर्मी के प्रचंड तेवर देखकर तपिश से राहत के लिए लोग कूलर और एसी का सहारा ले रहे हैं। बाजार में इनकी बिक्री बढ़ गई है।

ये भी पढ़ें- उत्तराखंड में बढ़ी सियासी हलचल, कांग्रेस के प्रीतम सिंह ने की CM पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात.

देशभर में बने मौसमी सिस्टम
उत्तरी पाकिस्तान और आसपास के इलाकों में एक पश्चिमी विक्षोभ देखा गया है। एक ट्रफ रेखा विदर्भ से दक्षिण आंतरिक कर्नाटक पार मराठवाड़ा और उत्तरी आंतरिक कर्नाटक तक निचले स्तरों पर फैली है। एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र श्रीलंका और उससे सटे तमिलनाडु के हिस्सों पर बना है। मौसम विभाग के अनुसार उत्तर प्रदेश, राजस्थान में आज से लू चलने लगेगी।

प्रचंड गर्मी वाले शहर

  • झांसी : 44.5°C
  • आगरा : 44.2°C
  • कानपुर : 44.3°C
  • प्रयागराज : 44°C
  • वाराणसी : 40.6°C
  • हमीरपुर : 43.2°C
  • अलीगढ़ : 43.4°C
  • लखनऊ : 41.3°C

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *