Weather Update: कोहरे की चादर में लिपटा दिल्ली-NCR, आवागमन में आई रुकावटें,ऑरेंज अलर्ट जारी…

उत्तर भारत समेत दिल्ली एनसीआर में घने कोहरे के साथ ही शीत लहर भी जारी है। एक जनवरी तक दिल्ली में सुबह कोहरा छाए रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने बुधवार के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

News jungal desk: उत्तर भारत समेत दिल्ली एनसीआर भी कोहरे की चादर में लिपटा हुआ है। बुधवार सुबह को यहाँ घना कोहरा दिखा। इस वजह से नजदीक की चीजें भी स्पष्ट नहीं दिखाई दे पा रही है। जिसके चलते सड़कों पर वाहन रेंगते हुए नजर आए। दिल्ली एनसीआर के कई इलाकों में विजिबिलिटी 0-50 मीटर तक है। 27 दिसंबर की सुबह 5:30 बजे सफदरजंग में 50 मीटर और पालम में 125 मीटर दृश्यता दर्ज की गई है। 

राष्ट्रीय राजधानी में तापमान लगभग करीब 7 डिग्री तक गिर गया है। कोहरे और कम दृश्यता के कारण नई दिल्ली से आने और जाने वाली कुछ ट्रेनें भी देरी से चलीं। दिल्ली में कोहरे के कारण 30 से अधिक उड़ानें भी प्रभावित हुई हैं। 

मौसमी बदलाव के कारण दिल्ली में मंगलवार को भी घना कोहरा छाया रहा। आईजीआई एयरपोर्ट समेत दिल्ली के दूसरे कई इलाकों में सुबह तीन घंटे दृश्यता शून्य रही। प्रादेशिक मौसम विभाग केंद्र के मुताबिक, मंगलवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 23.8 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य से 3 डिग्री अधिक है। न्यूनतम तापमान सात डिग्री रहा जो सामान्य से एक डिग्री कम है। 

मौसम विभाग के मुताबिक, दिन में आसमान साफ रहेगा। सुबह कई स्थानों पर बहुत घना कोहरा रह सकता है। इस दौरान अधिकतम तापमान 24 डिग्री और न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद जताई जा रही है। इसके साथ ही ठंडी हवा के कारण दिन का तापमान गिरेगा। 

एक जनवरी तक दिल्ली में सुबह कोहरा छाए रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक, मंगलवार को मुंगेशपुर में न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, यह अन्य इलाकों से सबसे ठंडा रहा। लोदी रोड 7 डिग्री सेल्सियस के साथ दूसरे नंबर पर रहा।

सड़कों पर भी यातायात हुआ धीमा
घने कोहरे ने मंगलवार को भी राजधानी में हवाई और रेल आवाजाही को बुरी तरह प्रभावित किया। सड़कों पर भी यातायात धीमा रहा। कई जगह सुबह जाम भी लगा। कोहरे का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि मंगलवार सुबह 9.30 बजे तक दृश्यता 200 से कम दर्ज की गई। मौसम विभाग ने 30 दिसंबर से नॉर्थ ईस्ट के कई राज्यों तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी में बारिश की संभावना व्यक्त की है। ऐसे में मौसम खराब होने के कारण लगातार राजधानी दिल्ली सहित कई राज्यों में कोहरे का असर देखने को मिलता रहेगा। 

Read also: ब्रह्मा मंदिर पहुँचे भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर, सबकी खुशहाली की कामना की…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *