RBI New ATM Rules 2026: भारतीय रिजर्व बैंक ने एटीएम से पैसे निकालने और कैश ट्रांजैक्शन से जुड़े नियमों को लेकर नया निर्देश जारी किया है। अब बैंक ग्राहकों को बताएंगे कि उन्होंने महीने में कितनी फ्री एटीएम ट्रांजैक्शन का इस्तेमाल कर लिया है और कितनी बाकी हैं। फ्री लिमिट खत्म होने के बाद हर अतिरिक्त ट्रांजैक्शन पर अधिकतम 23 रुपये और लागू टैक्स देना होगा। हालांकि, तकनीकी खराबी या एटीएम में कैश नहीं होने के कारण फेल हुए ट्रांजैक्शन पर कोई शुल्क नहीं लगेगा।
RBI ATM Withdrawal Rules: एटीएम का इस्तेमाल करने वाले बैंक ग्राहकों के लिए भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने अहम बदलाव किए हैं। 27 नवंबर 2026 को जारी नए निर्देशों के तहत आरबीआई ने एटीएम और पीओएस टर्मिनल से कैश निकालने से जुड़े पुराने 17 सर्कुलर को एक ही नियामकीय व्यवस्था में शामिल कर दिया है। ये निर्देश तत्काल प्रभाव से लागू हो गए हैं। इसका उद्देश्य ग्राहकों को ट्रांजैक्शन शुल्क, फ्री लिमिट और कैश निकासी के नियमों की स्पष्ट जानकारी देना है।
अब बैंक बताएंगे कितनी फ्री ट्रांजैक्शन बची हैं
नए नियमों के तहत बैंकों को ऐसी व्यवस्था बनानी होगी, जिससे ग्राहकों को हर महीने इस्तेमाल की गई फ्री एटीएम ट्रांजैक्शन की संख्या की जानकारी मिल सके। बैंक ग्राहकों को यह भी बताएंगे कि फ्री लिमिट खत्म होने के बाद अगली ट्रांजैक्शन पर कितना शुल्क लग सकता है।
इससे ग्राहकों को अचानक लगने वाले बैंक चार्ज से बचने में मदद मिलेगी। साथ ही वे अपनी जरूरत के अनुसार एटीएम का इस्तेमाल कर सकेंगे।
महीने में कितनी बार निकाल सकते हैं मुफ्त पैसे?
आरबीआई ने फ्री एटीएम ट्रांजैक्शन की मौजूदा सीमा में कोई बदलाव नहीं किया है। नियमों के मुताबिक:
अपने बैंक के एटीएम से: हर महीने पांच फ्री ट्रांजैक्शन मिलेंगी।
दूसरे बैंक के मेट्रो एटीएम से: महीने में तीन फ्री ट्रांजैक्शन की सुविधा मिलेगी।
दूसरे बैंक के नॉन-मेट्रो एटीएम से: महीने में पांच फ्री ट्रांजैक्शन की अनुमति होगी।
अगर ग्राहक मेट्रो और नॉन-मेट्रो दोनों तरह के दूसरे बैंक के एटीएम का इस्तेमाल करते हैं, तो कुल फ्री ट्रांजैक्शन की सीमा पांच ही रहेगी।
लिमिट खत्म होने पर लगेगा 23 रुपये चार्ज
फ्री ट्रांजैक्शन की निर्धारित सीमा समाप्त होने के बाद बैंक हर अतिरिक्त ट्रांजैक्शन पर अधिकतम 23 रुपये शुल्क वसूल सकते हैं। इसके अलावा लागू टैक्स भी देना होगा। हालांकि, बैंक अपनी बोर्ड से मंजूर नीति के अनुसार इससे कम शुल्क भी निर्धारित कर सकते हैं।
क्या फेल ट्रांजैक्शन पर भी देना होगा पैसा?
इस सवाल पर आरबीआई ने ग्राहकों को राहत दी है। अगर एटीएम से पैसे निकालने की कोशिश तकनीकी खराबी, नेटवर्क समस्या, सॉफ्टवेयर या हार्डवेयर की दिक्कत अथवा मशीन में कैश उपलब्ध नहीं होने के कारण असफल होती है, तो उसे वैध ट्रांजैक्शन नहीं माना जाएगा।
इसके अलावा बैंक या सर्विस प्रोवाइडर की गलती से हुए कुछ ट्रांजैक्शन और अमान्य पिन या वैलिडेशन संबंधी समस्याओं के कारण असफल ट्रांजैक्शन पर भी शुल्क नहीं लगाया जाएगा। ऐसी स्थिति में ग्राहक की फ्री ट्रांजैक्शन लिमिट भी कम नहीं होगी।
एटीएम पर हिंदी और अंग्रेजी में मिलेगी जानकारी
आरबीआई ने बैंकों को एटीएम पर जरूरी जानकारियां प्रदर्शित करने के निर्देश भी दिए हैं। ग्राहकों को फ्री ट्रांजैक्शन की संख्या, कैश निकासी की अधिकतम सीमा और लागू शुल्क की जानकारी अंग्रेजी, हिंदी और स्थानीय भाषा में उपलब्ध करानी होगी।
कुल मिलाकर, आरबीआई के नए निर्देशों का उद्देश्य एटीएम इस्तेमाल करने वाले ग्राहकों को शुल्क और फ्री ट्रांजैक्शन को लेकर अधिक पारदर्शिता देना है। खास बात यह है कि फेल ट्रांजैक्शन पर ग्राहकों को अनावश्यक चार्ज नहीं देना पड़ेगा।
.jpg)
0 टिप्पणियाँ