'PM मोदी हमारे आदर्श हैं, हमें उन पर गर्व है', दिल्ली-लखनऊ के बीच टकराव की चर्चाओं पर CM योगी ने दिया जवाब


 उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दिल्ली और लखनऊ के बीच कथित टकराव की खबरों पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। बुधवार, 25 नवंबर को लखनऊ में आयोजित एबीपी न्यूज के शिखर सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए उन्हें अपना सर्वमान्य नेता और आदर्श बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत को वैश्विक मंच पर नई पहचान और सम्मान मिला है। उनके नेतृत्व पर हम सभी को गर्व है।

दिल्ली और लखनऊ के बीच तनाव की खबरों पर क्या बोले योगी?

एबीपी न्यूज के शिखर सम्मेलन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से सवाल किया गया कि विपक्ष लगातार दिल्ली और लखनऊ के बीच रिश्तों में तनाव होने का दावा कर रहा है। इस पर उन्होंने कहा कि इस तरह की कई बातों का नैरेटिव बनाने की कोशिश की जाती है।

योगी आदित्यनाथ ने कहा, "मोदी जी हमारे सर्वमान्य नेता हैं। हमारे आदर्श हैं। भारत की गरिमा के प्रतीक हैं और भारत को वैश्विक मंच पर सम्मान दिलाने वाले विजनरी लीडर हैं।"

उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में नए भारत का दर्शन आज पूरा देश ही नहीं, बल्कि दुनिया भी कर रही है। उनके मार्गदर्शन और नेतृत्व से सभी को गौरव की अनुभूति होती है। मुख्यमंत्री के इस बयान को दिल्ली और लखनऊ के बीच कथित मतभेदों की चर्चाओं के संदर्भ में अहम माना जा रहा है।

जिनकी दलाली पर रोक लगी, वे कुछ तो बोलेंगे: CM योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में जिन लोगों की दलाली पर लगाम लगाई गई है, वे कुछ न कुछ तो बोलेंगे ही। उन्होंने कहा कि सरकार ने व्यवस्था में बदलाव किया है और ऐसे लोगों को परेशानी हो रही है।

सपा-कांग्रेस गठबंधन पर भी साधा निशाना

शिखर सम्मेलन के दौरान मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन तथा सीट बंटवारे को लेकर चल रही चर्चाओं पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि गठबंधन के कुछ नियम और शिष्टाचार होते हैं।

योगी ने सवाल उठाया कि एक तरफ सीटों के बंटवारे को लेकर बातचीत चल रही है और दूसरी तरफ समाजवादी पार्टी अपने प्रत्याशियों के नामों का ऐलान कर रही है। उन्होंने इसे गठबंधन के शिष्टाचार के विपरीत बताया।

बता दें कि समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव कई बार दिल्ली और लखनऊ के बीच कथित खींचतान का मुद्दा उठा चुके हैं। ऐसे में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का प्रधानमंत्री मोदी के प्रति विश्वास जताने वाला यह बयान राजनीतिक चर्चा का विषय बन गया है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ