ब्लॉक प्रमुख ने दवा खाकर एमडीए का किया शुभारंभ चार ब्लॉक में शुरू हुआ एमडीए अभियान पीएसपी सदस्यों ने दवा खाकर दिया संदेश


 कानपुर, 19 नवंबर 2026

जनपद के विधनू, ककवन, बिल्हौर और चौबेपुर ब्लॉक में फाइलेरिया उन्मूलन के लिए सर्वजन दवा सेवन (एमडीए) अभियान गुरुवार को शुरू हुआ। अभियान का शुभारंभ बिधनू ब्लॉक सभागार में ब्लॉक प्रमुख अरुण कुमार कोरी ने स्वयं फाइलेरिया रोधी दवा खाकर किया। इस मौके पर नोडल अधिकारी डॉ. राजेश्वर सिंह, जिला मलेरिया



 अधिकारी ए.के. सिंह और चिकित्सा अधीक्षक डॉ. नीरज सचान ने भी दवा का सेवन किया। ब्लॉक प्रमुख ने कहा कि स्वास्थ्यकर्मी जब भी दवा खिलाने आएं तो उनके सामने ही दवा का सेवन करें। सभी लोग स्वयं दवा लें और परिवार व आसपास के लोगों को भी प्रेरित करें। उन्होंने स्वयं भी दवा का सेवन किया है और स्वस्थ हैं।



इस मौके पर राजकीय इंटर कालेज खेरसा के विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को फाइलेरिया से बचाव के प्रति जागरूक किया। उनके इस प्रयास के लिए ब्लॉक प्रमुख ने मेडल देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ), रोगी हितधारक मंच (पीएसपी) के सदस्य, फाइलेरिया मरीज लक्ष्मी और स्वास्थ्य सखी किरण मौजूद रहीं। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने जनपद को फाइलेरिया मुक्त बनाने की शपथ ली।



बिधनू ब्लॉक के आउंधा आयुष्मान आरोग्य मंदिर में सीएचओ-पीएसपी सदस्य एवं राशन विक्रेता प्रियंका राजपूत ने फाइलेरिया रोधी दवा का सेवन कर एमडीए की शुरुआत की। इस अवसर पर 36 लोगों ने दवा का सेवन किया। 



चौबेपुर ब्लॉक के सहजाउरा उम्मेदपुर आयुष्मान आरोग्य मंदिर में पीएसपी सदस्यों की पहल पर एमडीए अभियान का शुभारंभ किया गया। इस मौके पर 34 लोगों ने फाइलेरिया रोधी दवा का सेवन किया। कुकरादेव आयुष्मान आरोग्य मंदिर में पीएसपी सदस्यों की ओर से एमडीए के शुभारंभ का कार्यक्रम किया गया। इस मौके पर प्रधान विद्यासागर, सीएचओ कृष्णा, आशा कार्यकर्ता मिथलेश, कोटेदार महेश चंद्र, स्वास्थ्य सखी निर्मला और समूह अध्यक्ष प्रियंका मौजूद रहे। यहां कुल 12 लोगों ने फाइलेरिया रोधी दवा का सेवन किया।



नोडल अधिकारी ने बताया कि इस बार प्रवासियों, पहले कभी दवा नहीं खाने वाले लोगों और दवा सेवन से इनकार करने वालों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। जनप्रतिनिधियों, जागरूकता गतिविधियों और हितधारक मंच (पीएसपी) सदस्यों की सक्रिय भागीदारी से अभियान को जन आंदोलन का रूप देने का प्रयास किया जा रहा है।



जिला मलेरिया अधिकारी ने बताया कि अभियान शुरू होने के बाद स्वास्थ्य टीमें माइक्रोप्लान के अनुसार घर-घर जाकर प्रतिदिन निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप पात्र लोगों को दवा खिलाएंगी। सुपरवाइजर टीमों के कार्यों की नियमित निगरानी करेंगे और छूटे हुए लोगों तक दोबारा पहुंचकर दवा सेवन सुनिश्चित करेंगे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ