सात बटुकों का हुआ यज्ञोपवीत संस्कार, गीता भेंट कर पहनाई गई रुद्राक्ष की माला

*कानपुर।* बिधनू स्थित दिव्या गीता ज्ञान आश्रम, जगदीशपुर रोड में आयोजित दो दिवसीय गीता ज्ञान यज्ञ एवं विशाल संत सम्मेलन का बुधवार को विधिवत समापन हुआ। दूसरे दिन कार्यक्रम का शुभारंभ गीता पाठ के साथ हुआ। इसके बाद संतों एवं विद्वानों ने गीता के महत्व, उसके आध्यात्मिक संदेश और जीवन में उसकी उपयोगिता पर प्रवचन दिए।

गीता ज्ञान प्रवचन के उपरांत आश्रम परिसर में सात बटुकों का यज्ञोपवीत संस्कार वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न कराया गया। संस्कार के दौरान धार्मिक परंपराओं और विधि-विधानों का विशेष ध्यान रखा गया। यज्ञोपवीत संस्कार के माध्यम से बटुकों को भारतीय संस्कृति, धर्म, अनुशासन और संस्कारों के महत्व से परिचित कराया गया।

इस अवसर पर संस्था प्रमुख अशोक ब्रह्मनिष्ठ ने सभी सातों बटुकों को श्रीमद्भगवद्गीता भेंट की। उन्होंने कहा कि गीता केवल धार्मिक ग्रंथ नहीं, बल्कि जीवन को सही दिशा देने वाला ज्ञान का अमूल्य स्रोत है। इसके संदेशों को आत्मसात कर व्यक्ति अपने जीवन में सदाचार, कर्तव्यनिष्ठा और सकारात्मक विचारों को स्थान दे सकता है।

वहीं, ज्ञानेंद्र दास जी ने सभी बटुकों को रुद्राक्ष की माला पहनाकर आशीर्वाद प्रदान किया। इस दौरान आश्रम परिसर में धार्मिक और आध्यात्मिक वातावरण बना रहा। उपस्थित श्रद्धालुओं ने भी यज्ञोपवीत संस्कार के साक्षी बनकर बटुकों को शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम के समापन पर श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया गया। दो दिवसीय आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से आचार्य विकास शुक्ला, संतोष जी, आनंद जी सहित अन्य संत-महात्मा एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।

 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ