Gold Adulteration: भारत में सोना खरीदना सिर्फ निवेश नहीं, बल्कि परंपरा और भावनाओं से भी जुड़ा है। शादी-ब्याह से लेकर त्योहारों तक सोने के गहनों की खरीदारी खूब होती है। लेकिन सोने की बढ़ती कीमतों के बीच अब इसकी शुद्धता को लेकर नई चिंता सामने आई है। कुछ मामलों में सोने में रीनियम (Rhenium) और इरिडियम (Iridium) जैसी भारी धातुओं की मिलावट की आशंका जताई गई है। हैरानी की बात यह है कि इन धातुओं को मिलाने से गहनों का वजन बढ़ सकता है, जबकि उनमें असली सोने की मात्रा उतनी नहीं बढ़ती। कुछ जांचों में ऐसी मिलावट के बावजूद सामान्य जांच मशीनों से इसकी पहचान नहीं हो पाई। आइए समझते हैं कि आखिर ये धातुएं क्या हैं और सोने में इनका इस्तेमाल क्यों किया जा रहा है।
क्या हैं रीनियम और इरिडियम?
रीनियम और इरिडियम दुर्लभ और भारी धातुएं हैं। इनका इस्तेमाल मुख्य रूप से औद्योगिक उपकरणों, उच्च तापमान वाले इंजनों और वैज्ञानिक कार्यों में किया जाता है। इनकी सबसे बड़ी खासियत इनका अधिक घनत्व है।
शुद्ध सोने का घनत्व लगभग 19.3 ग्राम प्रति घन सेंटीमीटर होता है, जबकि रीनियम का करीब 21 और इरिडियम का लगभग 22.5 ग्राम प्रति घन सेंटीमीटर है। यही वजह है कि इन धातुओं की मौजूदगी से किसी मिश्रण का वजन बढ़ सकता है।
कैसे बढ़ जाता है गहनों का वजन?
मान लीजिए किसी गहने को बनाने में 7.83 ग्राम शुद्ध सोना इस्तेमाल किया गया। इसमें एक ग्राम रीनियम मिलाने पर कुल वजन 8.83 ग्राम हो जाएगा। इसके बाद गहने को तैयार करने के लिए दूसरी मिश्रधातुएं भी मिलाई जा सकती हैं।
इस तरह तैयार आभूषण का वजन बढ़ जाता है, लेकिन उसमें असली सोने की मात्रा पहले जितनी ही रहती है। यानी ग्राहक को अधिक वजन का गहना मिलता है, लेकिन वह उसके बदले सोने की कीमत ज्यादा चुका सकता है।
जांच मशीनों को कैसे दिया जा सकता है धोखा?
आमतौर पर ज्वेलरी शोरूम में सोने की शुद्धता जांचने के लिए XRF मशीन का इस्तेमाल किया जाता है। यह मशीन एक्स-रे फ्लोरेसेंस तकनीक से धातुओं की पहचान करती है। हालांकि, यह मुख्य रूप से गहने की सतह का विश्लेषण करती है। अगर अंदर और बाहर की संरचना अलग है तो केवल सतह की जांच से पूरी तस्वीर सामने नहीं आ सकती।
सोना खरीदते समय किन बातों का रखें ध्यान?
हमेशा BIS रजिस्टर्ड ज्वेलर से ही सोना खरीदें।
गहने पर BIS का लोगो, कैरेट की शुद्धता और छह अंकों वाला HUID कोड जरूर देखें।
BIS Care ऐप से HUID की जानकारी सत्यापित करें।
खरीदारी के समय पक्का बिल लें और उसमें वजन, शुद्धता और मेकिंग चार्ज की जानकारी जांचें।
शक होने पर BIS मान्यता प्राप्त Assaying and Hallmarking Centre पर गहने की जांच कराएं।
क्या हॉलमार्क वाले सोने में भी मिलावट संभव है?
हालिया जांचों ने सोने की गुणवत्ता जांचने की प्रक्रिया पर सवाल खड़े किए हैं। हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि बाजार में मिलने वाला हर हॉलमार्क वाला गहना मिलावटी है। BIS की मान्यता प्राप्त जांच प्रक्रिया में XRF के अलावा फायर असे तकनीक का भी इस्तेमाल किया जाता है। फायर असे सोने की वास्तविक मात्रा जांचने का अधिक विश्वसनीय तरीका है।
इसलिए सोना खरीदते समय सिर्फ वजन और कीमत नहीं, बल्कि उसकी शुद्धता और प्रमाणिकता पर भी ध्यान देना जरूरी है।
.jpg)
0 टिप्पणियाँ