गीता ज्ञान यज्ञ एवं संत सम्मेलन का शुभारंभ, संतों ने गीता के उपदेशों का बताया महत्व


 कानपुर। बिधनू स्थित दिव्या गीता ज्ञान आश्रम, जगदीशपुर रोड में दो दिवसीय गीता ज्ञान यज्ञ एवं विशाल संत सम्मेलन का शुभारंभ मंगलवार को धार्मिक एवं आध्यात्मिक वातावरण में हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवद्गीता के पूजन, भगवान श्रीकृष्ण की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इस दौरान डीडी वाजपेई, शिवाकांत पांडेय, ज्ञानेंद्र दास, अशोक ब्रह्मनिष्ठ, गीता तिवारी एवं भारती तिवारी ने संयुक्त रूप से विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया।

सम्मेलन में देश के विभिन्न क्षेत्रों से पधारे संत-महात्माओं का माल्यार्पण कर स्वागत एवं सम्मान किया गया। आश्रम परिसर में संतों और श्रद्धालुओं की उपस्थिति से भक्तिमय माहौल बना रहा। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य श्रीमद्भगवद्गीता के संदेशों को जन-जन तक पहुंचाना और लोगों को भगवान श्रीकृष्ण द्वारा बताए गए जीवन के आदर्शों, कर्तव्य, कर्मयोग तथा आध्यात्मिक ज्ञान से परिचित कराना रहा।

सम्मेलन के प्रथम सत्र में संतों ने श्रीमद्भगवद्गीता में भगवान श्रीकृष्ण द्वारा दिए गए उपदेशों की विस्तार से व्याख्या की। स्वामी आत्मानंद, स्वामी लक्ष्मणानंद, स्वामी विद्यानंद, स्वामी राजेंद्रानंद, साध्वी अमल आत्मा, साध्वी ध्रुव भारती, साध्वी स्वयं प्रभा एवं साध्वी सुमन ने अपने प्रवचनों के माध्यम से गीता के आध्यात्मिक और व्यावहारिक पक्षों पर प्रकाश डाला।

संतों ने कहा कि श्रीमद्भगवद्गीता केवल धार्मिक ग्रंथ ही नहीं, बल्कि जीवन जीने की कला सिखाने वाला महान ग्रंथ है। इसमें भगवान श्रीकृष्ण ने मनुष्य को निष्काम कर्म, कर्तव्य पालन, आत्मसंयम और समभाव का संदेश दिया है। जीवन में आने वाली कठिन परिस्थितियों में विचलित हुए बिना अपने धर्म और कर्तव्य का पालन करना ही गीता की प्रमुख शिक्षा है। वक्ताओं ने कहा कि गीता के संदेशों को आत्मसात कर व्यक्ति अपने जीवन में सकारात्मक परिवर्तन ला सकता है।

दो दिवसीय आयोजन के दौरान गीता ज्ञान यज्ञ, संतों के प्रवचन और आध्यात्मिक विचारों के माध्यम से श्रद्धालुओं को धर्म, ज्ञान और भक्ति की त्रिवेणी से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ