विवेक गुप्ता: पुलिस के खिलाफ बहुत लिखा/बोला जाता है. स्वस्थ लोकतंत्र के लिए ये बेहद जरूरी भी है. जिस तरह फिटकरी,ब्लीचिंग पाउडर, क्लोरीन पानी को सड़ने से बचाता है. ठीक वही काम पत्रकारों का भी है सरकारी विभाग को अपनी लेखनी के माध्यम से सड़ने,भ्रष्ट होने से बचाने का.
हालांकि देश का दुर्भाग्य है कि कुछ पत्रकार/पत्तलकार खुद दलाली के अंडों पर बैठकर पत्रकारिता की ऑमलेट बना रहे हैं. खैर इस पर फिर कभी विस्तार से लिखूंगा आज मैं पुलिस का अनछुआ/अनदेखा पक्ष,उनका दर्द,उनकी पीड़ा देश और जनता के सामने लाना चाहता हूं. वैसे भी सच्चा पत्रकार वही है जो हर पक्ष सामने लाए,सिर्फ एक पक्ष सामने लाने वाला पत्रकार नहीं पक्षकार कहलाता है.
मीडिया से लेकर लगभग हर सरकारी विभाग और प्राइवेट संस्थानों में 8 या 9 घंटे की ड्यूटी होती है. लेकिन पुलिस विभाग में अप्रत्यक्ष रूप से 24*7 ड्यूटी देनी होती है. सबसे बड़ी बात पुलिस विभाग में गोपनीयता भंग करना अक्षम्य अपराध होता है,यहां विभागीय अनुशासन बहुत सख्त होता है. आपको चौबीस घंटे तैयार रहना ही पड़ता है. वैसे भी कोई अपराध या बड़ी घटना किसी भी समय घटित हो सकती है.
पुलिस वाले अपने घर-परिवार को छोड़कर जनता की सेवा/रक्षा में लगे रहते हैं. दूर घर में उनकी बूढ़ी मां,लाडली बेटी,नटखट बेटा अपने पापा/बेटे की राह तकते रहते हैं लेकिन पुलिस वालों को जनता की रक्षा के लिए अपने परिवार को ना चाहते हुए भी भूलना पड़ता है. जिन पुलिस वालों की नई-नई शादी होती हैं उनकी पत्नियों को उनकी चौबीस घंटे की नौकरी अपनी सौतन नजर आती है. एक ऐसी सौतन जिसके साथ रहकर ही उन्हें अपनी पूरी जिंदगी गुजारनी है. जनरक्षकों(पुलिस) को अपने गृह जिले से दूर,कभी-कभी बहुत दूर जाकर अपनी ड्यूटी निभानी होती है.
देश और विशेष रूप से उत्तर प्रदेश की बात की जाए तो यहां पुलिस की संख्या जरूरत के हिसाब से बहुत कम है. संख्या बेहद कम और जिम्मेदारी इतनी कि गिनने वाले की अंगुली कम पड़ जाएं,बताने वाले के मुंह में दर्द हो जाए. प्रदेश में पुलिस बल की संख्या कम होने के कारण छुट्टी आसानी से नहीं मिलती. शायद इसी कारण पुलिस विभाग में अवसाद की समस्या भी पैर पसारती जा रही है,सुसाइड के बढ़ते केस भी इसी तरफ इशारा करते हैं.
पुलिस विभाग के सब इंस्पेक्टर (SI) और इंवेस्टीगेशन ऑफिसर (IO) का कई घंटों का कागजी वर्क होता है जिसके बारें में आम जनता को पता ही नहीं होता. उसके बाद पुलिस पर प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से पत्रकारों,नेताओं(सत्ता पक्ष और विपक्ष ),किसान यूनियन,अधिवक्ताओं और जनता का दवाब भी बना रहता है. पुलिस पर काम के साथ-साथ ये दवाब ऐसा समझिए जैसे किसी वन डे क्रिकेट मैच में 350 का टारगेट चेज़ करना हो और पहले ही ओवर में दो,तीन विकेट गिर जाएं. अब आपको विकेट भी बचाने हैं और अच्छे रन रेट के साथ रन भी बनाने हैं.
हर केस या मामले के दो पक्ष होते हैं जिसकी भी ना सुनो उसी के बुरे बन जाते हैं पुलिस वाले. कई बार तो सत्ता पक्ष के ही दो गुट आमने- सामने होते हैं,कभी पत्रकारों या अधिवक्ताओं के दो गुटों के बीच विवाद होता है,अब एक तो नाराज होना ही है. हर कोई ट्रांसफर, सस्पेंड,लाइन हाजिर करवाने और नौकरी खा जाने की धमकी दे जाता है. अनपढ़ आदमी भी चार बातें सुनाकर चला जाता है. जबकि कांस्टेबल बनने के लिए इंटर और फिजिकल अनिवार्य होता है वहीं सब इंस्पेक्टर बनने के लिए ग्रेजुएट होना प्राथमिक योग्यता है. शर्मनाक बात है कुछ पत्तलकार तो अनपढ़ होने की डिग्री,दलाली का डिप्लोमा लेकर एक पढ़े-लिखे पुलिस अधिकारी से सवाल जवाब करते हैं. चलिए पढ़ाई-लिखाई एक तरफ रखते हैं लेकिन देश,प्रदेश, समाज,जनता हित की जगह अपना हित साधने वालों के लिए पुलिस से सवाल पूछना कहां तक जायज है.
आज के दौर में अगर पुलिस कानून,नैतिकता,मानवाधिकार आयोग के हिसाब से चलने लगे तो एक केस भी सॉल्व ना हो पाए. पुलिस के बड़े अधिकारियों/नेताओं को सॉल्यूशन भी चाहिए,पूरी ईमानदारी, पारदर्शिता भी चाहिए,किसी की नाराजगी भी नहीं चाहिए. उच्च अधिकारी चाहते हैं सत्ता पक्ष के नेता,पत्रकार,अधिवक्तागण,जनता कोई भी नाराज़ ना हो और सब काम अच्छे से निपट जाएं जबकि ये प्रैक्टिकली संभव ही नहीं है.
बड़े पुलिस अधिकारी,अपने अधीनस्थ अधिकारियों को ज्यादातर आदेश मौखिक ही देते हैं. इसलिए जब भी कभी कोई लीक पॉइंट सामने आते हैं तो गाज छोटे अधिकारियों पर ही गिरती है. सोशल मीडिया के दौर में अगर कुछ भी वायरल हो गया तो पुलिस अधिकारियों को ना चाहते हुए भी कार्रवाई करनी पड़ती है. ये पोस्ट लंबी हो रही है लेकिन पुलिस वालों की जिम्मेदारी/संघर्ष/समस्या के सामने बहुत छोटी ही है.
सभी को समझना होगा हर इंसान की समस्या होती हैं,हर किसी को दर्द होता है और पुलिस वाले भी इंसान ही होते हैं. आप और हमारी तरह वो भी हाड़-मांस के बने होते हैं. देश में कहीं भी,किसी भी विभाग में कुछ भी हो वहां पुलिस ही पहुंचती है. समाज की लड़ाई हो या घर का विवाद हो,रोड एक्सीडेंट हो,कहीं भी भ्रष्टाचार हो,कहीं जाम लगा हो,नेताओं की रैली हो,बड़े लोगों की सुरक्षा हो,हत्या- मारपीट हो,चोरी-डकैती की घटना हो,कुछ खो गया हो,शव की बरामदगी हो,किसी की नजरबंदी हो,आंदोलन या धरना हो कार्रवाई की जिम्मेदारी पुलिस की होती है.
कभी-कभी तो लगता है पुलिस जनरक्षक ना होकर ऑक्सीजन हो गई है,जिसे हर पल हर जगह मौजूद ही रहना है. जिसके बिना किसी इंसान,किसी विभाग का काम ही नहीं चलता. बेचारी पुलिस पर वर्क लोड इतना होता है कि शक्तिमान भी हाथ जोड़कर पुलिस की नौकरी छोड़कर चला जाए. छोटा भीम कहे,"भाई मैं तो अभी छोटा हूं,पुलिस का काम नहीं कर पाऊंगा..."
भ्रष्टाचार की बात करें तो पुलिस विभाग टॉप 5 भ्रष्ट सरकारी विभाग में भी नहीं आता. इस मामले में वो विकास प्राधिकरण,FSSAI, बिजली विभाग,राजस्व विभाग,स्वास्थ्य विभाग,आबकारी विभाग, परिवहन विभाग(RTO) और कुछ अन्य विभागों से बहुत नीचे है. हां पुलिस विभाग जिम्मेदारी और उम्मीदों के मामले में सबसे ऊपर है.
विकास प्राधिकरण तो पहले मकान/दुकान/बिल्डिंग बनने देता है फिर लेंटर वाले दिन आकर धमकता है और भ्रष्टाचार की गंगा में जी भरके गोते लगाता है. पहले कॉलोनी कटने देता है फिर कुछ दीवारों पर बुलडोजर/JCB चलवाकर डीलिंग कर लेता है और शांति से बैठ जाता है. एक जगह छोटी कार्रवाई फिर दस जगह से मोटी उगाही.
FOOD SAFETY AND STANDARDS AUTHORITY OF INDIA के तो कहने ही क्या! ये तो सीधे इंसान की जान से खिलवाड़ करते हैं. आज कम उम्र में होने वाले हार्ट अटैक,मौतों के सबसे बड़े जिम्मेदार यही हैं. भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) की नापाक कहानी जानने के लिए नीचे दिए लिंक पर क्लिक करिए...
https://www.facebook.com/share/p/1HBFuyDRDy/
हर हाथ में मोबाइल और प्रभावी सोशल मीडिया के दौर में पुलिस की मुश्किलें और बढ़ गईं हैं. कभी-कभी 5 साल पुराने मामले का वीडियो वायरल हो जाता है,कोई पुरानी कमी/गलती सामने आ जाती है. जबकि 5 साल पहले वाले अधिकारी अब ना जाने कहां पहुंच गए होते हैं. अपने पूर्व अधिकारियों की कारस्तानी वर्तमान के अधिकारियों को झेलनी पड़ती है,जिसमें उनका कोई कसूर ही नहीं होता है.
इस तरह की एक सच्ची घटना को जानने के लिए नीचे दिए लिंक पर क्लिक करिए...
https://www.facebook.com/share/p/1E6jywAGE6/
माननीय न्यायालय कभी भी किसी पुराने मामले को लेकर पुलिस को फटकार लगा देती है,तीखी टिप्पणी कर देती है,जिससे पुलिस का हौंसला टूटता है. यकीन करिएगा पुलिस के खिलाफ लिखने/बोलने वाले पत्रकार,माननीय न्यायाधीश,नेता,अधिवक्तागण भी मुसीबत में पुलिस की मदद ही लेते हैं. मुझे पूरा यकीन है अगर माननीय न्यायालय को न्यायपालिका में भ्रष्टाचार नजर आएगा तो उस पर भी कड़ी टिप्पणी जरूर होगी.
वैसे माननीय जज से चंद कदम की दूरी पर बैठे कुछ मुंशी,बाबू, पेशगार भी प्रभावित होकर मनचाही तारीख दे देते हैं? अगर हां तो उस पर भी कुछ कहना चाहिए. लोअर कोर्ट,जिला कोर्ट का फैसला माननीय उच्च न्यायालय में पलट जाता है,उच्च न्यायालय का फैसला सर्वोच्च न्यायालय में पलट सकता है. फिर सवाल पलटने से पहले फैसला करने वाले न्यायाधीशों पर क्यों नहीं उठता?
एक बड़ा लेकिन मासूम सवाल है कि क्या माननीय न्यायालय में भ्रष्टाचार नहीं होता? क्या माननीय न्यायाधीश पूरी तरह से पाक-साफ होते हैं?
मैं इतना जानता हूं सेम केस में वकील अलग-अलग होने से फैसले बदल जाते हैं. और बड़े/महंगे वकील आम आदमी तो नहीं कर सकता. वो न्याय के लिए ऊपर वाले पर ही निर्भर रहता है. शायद सुनकर अच्छा ना लगे लेकिन सच है कि माननीय न्यायालय इंसाफ नहीं करतीं वो साक्ष्य,परिस्थिति,गवाही,प्रेजेंटेशन और पैरवी के अनुसार फैसला करती हैं. न्यायालय के मामले में पत्रकारों के हाथ भी बंधे रहते हैं,अवमानना के नोटिस से हर किसी को डर लगता है.
आजकल महंगाई के दौर में माननीय न्यायालय से न्याय मिलना बड़ा महंगा हो गया है. प्रयागराज आना-जाना वहां वकील करना,स्टे करना गरीब आदमी के बस की बात नजर नहीं आती. न्यायालयों में मुकदमों की पेंडेंसी भी बहुत रहती है. न्याय अगर समय पर ना मिले तो वो भी अन्याय जैसी पीड़ा ही देता है. देश में न्याय मिलने की व्यवस्था पूरी तरह से ज्यूडिशियरी पर निर्भर करती है,अगर ज्यूडिशियरी 100 परसेंट पाक हो जाए तो सारे विभाग अपने आप सही रास्ते पर आ जाएंगे.
सीधी और सच्ची बात आप अपनी मेहनत से,सीखकर,समझकर बड़े अधिकारी,बड़े नेता,बड़े आदमी तो बन सकते हैं लेकिन ईमानदार, सच्चे,वफादार,न्यायप्रिय आप बन नहीं सकते वो आप होते हैं या नहीं होते हैं. अच्छी परवरिश के अलावा सच्चे,ईमानदार,वफ़ादार, अच्छे लोगों से प्रेरणा लेकर ही इस रास्ते पर आगे बढ़ा जा सकता है.
अगर आप अच्छे और सच्चे इंसान हैं तो आप जिस भी प्रोफेशन में जाएंगे वहां अच्छा ही करेंगे,नाम रोशन ही करेंगे. फर्क नहीं पड़ता आप पत्रकार हो,पुलिस में हो,अधिवक्ता हो,नेता हो या अन्य किसी भी विभाग में हो. यानी आपके प्रोफेशन से ज्यादा आपका चरित्र निर्णायक होता है.
अंत में एक बात और,बहुत सुधार की जरूरत है चाहे वो पुलिस हो,या पत्रकारिता हो,या कोई अन्य सरकारी विभाग हो या न्यायपालिका ही क्यों ना हो ।

0 टिप्पणियाँ