भारतीय वायुसेना के बहुराष्ट्रीय हवाई अभ्यास तरंग शक्ति 2026 में इन दिनों आसमान में एक बेहद खास नजारा देखने को मिल रहा है। भारतीय वायुसेना ने अभ्यास का एक वीडियो साझा किया है, जिसमें भारत समेत कई देशों के लड़ाकू विमान एक साथ फॉर्मेशन में उड़ते दिखाई दे रहे हैं। इस वीडियो में भारतीय वायुसेना के विमानों के साथ अमेरिका के एफ-35, फ्रांस के राफेल और रूस में बने सुखोई जैसे लड़ाकू विमान भी नजर आए। इसे अलग-अलग देशों की वायुसेनाओं के बीच बढ़ते तालमेल और संयुक्त प्रशिक्षण का उदाहरण माना जा रहा है।
सात देशों की वायुसेनाएं ले रहीं हिस्सा
तरंग शक्ति 2026 का आयोजन 26 सितंबर से 12 अक्टूबर तक जोधपुर में किया जा रहा है। इस अभ्यास में भारत के साथ अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया, फ्रांस, जर्मनी, संयुक्त अरब अमीरात, श्रीलंका और बांग्लादेश की वायुसेनाएं शामिल हैं। अभ्यास की थीम ‘पावर इन पार्टनरशिप’ रखी गई है।
अभ्यास में अलग-अलग देशों के अत्याधुनिक लड़ाकू और सपोर्ट विमान शामिल हैं। इनमें अमेरिकी एफ-35, एफ-16, फ्रांसीसी राफेल, जर्मनी का ए400एम, एमआरटीटी, सी-130 और अन्य विमान शामिल हैं। भारतीय वायुसेना की ओर से सुखोई-30एमकेआई, राफेल और स्वदेशी तेजस समेत कई प्लेटफॉर्म हिस्सा ले रहे हैं।
पहली बार भारत में एफ-35 की भागीदारी
इस अभ्यास की सबसे खास बात अमेरिकी वायुसेना के एफ-35ए लाइटनिंग II लड़ाकू विमानों की भारत में पहली बार किसी बड़े सैन्य अभ्यास में भागीदारी है। पांचवीं पीढ़ी के इन स्टील्थ लड़ाकू विमानों के शामिल होने से तरंग शक्ति का दायरा और भी महत्वपूर्ण हो गया है। एफ-35 अत्याधुनिक सेंसर, स्टील्थ क्षमता और सूचना साझा करने वाली तकनीक के लिए जाना जाता है।
क्या है अभ्यास का मकसद?
तरंग शक्ति का मुख्य उद्देश्य अलग-अलग वायुसेनाओं के बीच इंटरऑपरेबिलिटी, यानी मिलकर प्रभावी तरीके से काम करने की क्षमता बढ़ाना है। इसके तहत पायलटों, मिशन प्लानरों और ग्राउंड सपोर्ट टीमों को संयुक्त अभियानों में काम करने का अनुभव मिल रहा है। अभ्यास में ऑपरेशनल प्रक्रियाओं, एयरोस्पेस सुरक्षा, आपसी सीख और मिशन प्लानिंग पर भी जोर दिया जा रहा है।
इस अभ्यास के जरिए भारत अपनी वायु क्षमता और स्वदेशी रक्षा तकनीक को भी दुनिया के सामने प्रदर्शित कर रहा है। तरंग शक्ति 2026 केवल विमानों की संयुक्त उड़ान नहीं, बल्कि विभिन्न देशों के बीच सैन्य सहयोग, अनुभव साझा करने और भविष्य की हवाई चुनौतियों के लिए बेहतर तैयारी का मंच भी है।
.jpg)
0 टिप्पणियाँ