Google ने सितंबर 2026 Android Drop के तहत यूजर्स के लिए पांच नए फीचर्स पेश किए हैं। इनका मकसद स्मार्टफोन को रोजमर्रा के कामों में और ज्यादा उपयोगी बनाना है। नए अपडेट में Gemini, Find Hub और Google Messages जैसे ऐप्स में कई सुविधाएं जोड़ी गई हैं। इनमें सफर के दौरान होने वाली मोशन सिकनेस को कम करने से लेकर बिना ट्रैकर के रखी चीजों की लोकेशन याद रखने तक की सुविधा शामिल है।
1. Gemini बताएगा सामान कहां रखा है
अब Gemini की मदद से आप उन जरूरी सामानों की लोकेशन सेव कर सकेंगे, जिन पर कोई ट्रैकर नहीं लगा है। उदाहरण के लिए, अगर आपने पासपोर्ट किसी दराज में रखा है, तो Gemini को उसकी जानकारी याद रखने के लिए कह सकते हैं। जरूरत पड़ने पर Gemini या Find Hub के Remembered सेक्शन से उस सामान की लोकेशन देखी जा सकेगी। यह सुविधा Android 16 या उससे ऊपर के डिवाइस पर उपलब्ध होगी, जहां Gemini और Find Hub सपोर्टेड हैं।
2. सफर में उल्टी की समस्या होगी कम
नए Motion Assist फीचर का उद्देश्य कार, बस या ट्रेन में फोन इस्तेमाल करते समय होने वाली मोशन सिकनेस को कम करना है। स्क्रीन पर कुछ बबल जैसे विजुअल संकेत दिखाई देंगे, जो वाहन की गति के अनुसार मूव करेंगे। इससे आंखों और शरीर को महसूस होने वाली गति के बीच अंतर कम करने में मदद मिल सकती है। यह फीचर Android 17 वाले फोन में उपलब्ध होगा।
3. Gemini Live का Guided Vision
Gemini Live में Guided Vision फीचर जोड़ा जा रहा है। इसके जरिए फोन का कैमरा आसपास की चीजों को समझने और उनके बारे में आवाज के जरिए जानकारी देने में मदद करेगा। इसका इस्तेमाल छोटे अक्षरों को पढ़ने, कम रोशनी में मेन्यू समझने या घर की किसी वस्तु को पहचानने जैसे कामों में किया जा सकता है। यह खासतौर पर दृष्टिबाधित और कम दृष्टि वाले यूजर्स के लिए उपयोगी हो सकता है।
4. Google Messages में मिलेगा Keep का सपोर्ट
अब Google Messages के अंदर ही Google Keep की मदद से साझा नोट्स और लिस्ट बनाई जा सकेंगी। इसका फायदा ग्रॉसरी लिस्ट, ट्रैवल प्लान या किसी कार्यक्रम की तैयारी में होगा। चैट में मौजूद लोग एक ही लिस्ट को देख और उसमें बदलाव कर सकेंगे।
5. चैट को दे सकेंगे नया लुक
Google Messages में Chat Themes फीचर के जरिए हर चैट को अलग अंदाज दिया जा सकेगा। यूजर्स अपनी पसंद की वॉलपेपर या फोटो लगा सकेंगे और चैट के टेक्स्ट बबल्स का रंग भी उसी के अनुसार बदला जा सकेगा। इससे अलग-अलग बातचीत को पर्सनलाइज करना आसान होगा।
धीरे-धीरे रोलआउट होंगे फीचर्स
Google के अनुसार इन फीचर्स की उपलब्धता डिवाइस, Android वर्जन और क्षेत्र के आधार पर अलग-अलग हो सकती है। कुछ फीचर्स का रोलआउट शुरू हो चुका है, जबकि अन्य सुविधाएं आने वाले समय में योग्य डिवाइस तक पहुंचेंगी।
.jpg)
0 टिप्पणियाँ