जियो हॉटस्टार बना ग्लोबल ओटीटी प्लेटफॉर्म: 3 देशों में लॉन्च, 12 से ज्यादा भाषाओं में मिलेगा कंटेंट


 JioHotstar Global Launch: भारतीय ओटीटी मार्केट में अपनी मजबूत पकड़ बनाने के बाद अब जियो हॉटस्टार ने ग्लोबल स्तर पर बड़ा कदम उठाया है। प्लेटफॉर्म ने ब्रिटेन, कनाडा और सिंगापुर में अपनी स्ट्रीमिंग सेवा लॉन्च कर दी है। इस विस्तार के साथ जियो हॉटस्टार का लक्ष्य भारतीय मनोरंजन को दुनियाभर के दर्शकों तक पहुंचाना है।

1.60 लाख घंटे से ज्यादा कंटेंट

जियो हॉटस्टार के अंतरराष्ट्रीय प्लेटफॉर्म पर 1.60 लाख घंटे से ज्यादा कंटेंट उपलब्ध होगा। इसमें फिल्मों और टीवी शोज के साथ रीजनल प्रोग्रामिंग, नॉन-फिक्शन, रियलिटी शो, बच्चों के कार्यक्रम और एनीमे भी शामिल हैं। कंटेंट को 12 से ज्यादा भाषाओं में पेश किया जाएगा, जिससे अलग-अलग भाषा बोलने वाले दर्शकों के लिए भारतीय मनोरंजन देखना आसान होगा।

प्लेटफॉर्म ने यह भी बताया है कि तीनों बाजारों में हर साल 30,000 घंटे से ज्यादा नया कंटेंट जोड़ा जाएगा। इसमें नए ओरिजिनल, फिल्मों के प्रीमियर और लोकप्रिय टीवी कार्यक्रम शामिल होंगे।

बिग बॉस में मिलेगा इंटरैक्टिव एक्सपीरियंस

अंतरराष्ट्रीय दर्शकों के लिए जियो हॉटस्टार ने सिर्फ कंटेंट ही नहीं, बल्कि कुछ इंटरैक्टिव फीचर्स भी पेश किए हैं। बिग बॉस के अलग-अलग भाषाई संस्करणों में ब्रिटेन, कनाडा और सिंगापुर के दर्शक लाइव वोटिंग कर सकेंगे।

ब्रिटेन और कनाडा में दर्शकों को बिग बॉस का 24x7 लाइव फीड भी मिलेगा। वहीं कनाडा में दर्शक टीवी प्रसारण से सात दिन पहले बिग बॉस हिंदी देख सकेंगे।

टीवी चैनलों और ओरिजिनल शोज का भी मजा

जियो हॉटस्टार पर जियोस्टार के कई लोकप्रिय चैनलों का कंटेंट भी उपलब्ध होगा। इसमें Star Plus, Colors, Star Vijay, Asianet, Star Jalsha और Star Pravah जैसे चैनल शामिल हैं। इसके अलावा 'Ali Baba Aur Chaalis Bhoot', 'Prince of Mollywood', 'Part Timers' और 'The Court' जैसे नए ओरिजिनल भी दर्शकों को देखने को मिलेंगे।

खेलों का कंटेंट फिलहाल नहीं

गौर करने वाली बात यह है कि अंतरराष्ट्रीय लॉन्च के समय जियो हॉटस्टार पर भारत में लोकप्रिय लाइव स्पोर्ट्स, जैसे आईपीएल और अन्य प्रमुख क्रिकेट मुकाबले, उपलब्ध नहीं होंगे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, मौजूदा कंटेंट राइट्स के कारण शुरुआत में फोकस मनोरंजन कंटेंट पर रखा गया है।

इस ग्लोबल विस्तार के जरिए जियो हॉटस्टार की कोशिश सिर्फ विदेशों में रहने वाले भारतीयों तक पहुंचने की नहीं, बल्कि भारतीय भाषाओं, कहानियों और संस्कृति में रुचि रखने वाले व्यापक अंतरराष्ट्रीय दर्शकों को जोड़ने की भी है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ