अमेरिका में बच्चों के लिए फेसबुक-इंस्टाग्राम पर रात में रोक, मेटा करेगी ये बड़े बदलाव


 अमेरिका में बच्चों और किशोरों के सोशल मीडिया इस्तेमाल को लेकर मेटा ने बड़ा बदलाव करने पर सहमति जताई है। फेसबुक और इंस्टाग्राम पर कम उम्र के यूजर्स की सुरक्षा बढ़ाने के लिए कंपनी कई नए नियम लागू करेगी। यह कदम अमेरिकी राज्यों के साथ हुए समझौते का हिस्सा है, जिसमें बच्चों और किशोरों के सोशल मीडिया इस्तेमाल से जुड़े सुरक्षा और लत संबंधी आरोपों का निपटारा किया गया है।

सबसे बड़ा बदलाव नाइट मोड से जुड़ा है। नए नियमों के तहत 18 साल से कम उम्र के यूजर्स के लिए फेसबुक और इंस्टाग्राम पर रात 12 बजे से सुबह 6 बजे तक डिफॉल्ट ब्लॉक लागू होगा। इस दौरान वे फीड, स्टोरीज, एक्सप्लोर और रील्स देखने या पोस्ट करने जैसी गतिविधियां नहीं कर सकेंगे। हालांकि, डायरेक्ट मैसेजिंग इस प्रतिबंध से बाहर रहेगी, ताकि किशोर अपने दोस्तों और परिवार से जुड़े रह सकें।

इसके अलावा किशोरों के लिए फेसबुक और इंस्टाग्राम पर दो घंटे की डेली टाइम लिमिट भी तय की जाएगी। दोनों प्लेटफॉर्म पर बिताया गया समय इसी सीमा में गिना जाएगा। इस लिमिट को माता-पिता की अनुमति के बिना बंद नहीं किया जा सकेगा। लगातार 15 मिनट इस्तेमाल करने के बाद यूजर्स को ब्रेक लेने के लिए रिमाइंडर भी मिलेगा।

मेटा स्कूल मोड भी लागू करेगी। इसके तहत सुबह 8 बजे से दोपहर 3 बजे तक नोटिफिकेशन डिफॉल्ट रूप से म्यूट रहेंगे। साथ ही किशोरों को गैर-पर्सनलाइज्ड फीड चुनने का विकल्प मिलेगा, जिससे एल्गोरिदम उनकी पसंद के आधार पर लगातार कंटेंट सुझाने के बजाय सामान्य फीड दिखाई जा सकेगी।

युवाओं की मानसिक और भावनात्मक सेहत को ध्यान में रखते हुए पोस्ट पर मिलने वाले लाइक्स और रिएक्शंस की संख्या डिफॉल्ट रूप से छिपाई जाएगी। इसके अलावा कॉस्मेटिक सर्जरी और अत्यधिक मेकअप वाले कुछ फिल्टर भी किशोरों के लिए प्रतिबंधित किए जाएंगे।

मेटा उम्र की पुष्टि करने वाली तकनीक को भी मजबूत करेगी, ताकि 13 साल से कम उम्र के बच्चों के अकाउंट की पहचान बेहतर तरीके से की जा सके और किशोरों को उम्र के अनुरूप सुरक्षित अनुभव मिले। माता-पिता के लिए भी नए कंट्रोल और अलर्ट उपलब्ध कराए जाएंगे।

इन बदलावों को लागू करने से पहले न्यायिक मंजूरी जरूरी है। समझौते के तहत ज्यादातर सुरक्षा उपाय लंबे समय तक लागू रहने हैं। मेटा ने कहा है कि वह चाहती है कि टिकटॉक और यूट्यूब भी इसी तरह के सुरक्षा उपाय अपनाएं, ताकि बच्चे केवल एक प्लेटफॉर्म से दूसरे प्लेटफॉर्म पर जाकर इन प्रतिबंधों से बच न सकें।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ