Google ट्रांसलेट के 20 साल पूरे, सबसे ज्यादा अनुवाद हुआ ‘Thank You’ शब्द का


 Google के लोकप्रिय प्लेटफॉर्म Google Translate ने अपने 20 साल पूरे कर लिए हैं। इस खास मौके पर कंपनी ने एक दिलचस्प खुलासा किया है। Google के मुताबिक, पिछले दो दशकों में उसके ट्रांसलेट प्लेटफॉर्म पर सबसे ज्यादा अनुवाद किया गया शब्द या वाक्यांश कोई कठिन टेक्निकल टर्म नहीं, बल्कि बेहद सामान्य और रोजमर्रा में इस्तेमाल होने वाला शब्द “Thank You” रहा है।

कंपनी ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए यह जानकारी साझा की। Google ने बताया कि दुनिया भर के लोगों ने अलग-अलग भाषाओं में सबसे ज्यादा “Thank You” का अनुवाद किया। कंपनी ने इसे इंसानों के बीच जुड़ाव, सम्मान और संवाद का प्रतीक बताया।

2006 में हुई थी शुरुआत

Google Translate की शुरुआत साल 2006 में हुई थी। शुरुआत में यह केवल कुछ भाषाओं तक सीमित था, लेकिन अब यह करीब 250 भाषाओं को सपोर्ट करता है। आज हर महीने 1 अरब से ज्यादा लोग Google Translate का इस्तेमाल करते हैं और प्लेटफॉर्म पर हर महीने खरबों शब्दों का अनुवाद किया जाता है।

AI ने बदला ट्रांसलेशन का तरीका

शुरुआती दौर में Google Translate सांख्यिकीय मशीन ट्रांसलेशन तकनीक पर काम करता था, लेकिन अब इसमें AI और मशीन लर्निंग का इस्तेमाल किया जाता है। इससे अनुवाद पहले के मुकाबले ज्यादा सटीक और आसान हो गया है। कंपनी ने हाल ही में Pronunciation Practice जैसे नए फीचर्स भी जोड़े हैं, जिससे यूजर्स सही उच्चारण सीख सकते हैं।

सिर्फ शब्द नहीं, भावनाएं भी जोड़ रहा प्लेटफॉर्म

Google का कहना है कि “Thank You” का सबसे ज्यादा अनुवाद होना यह दिखाता है कि तकनीक सिर्फ भाषाओं को नहीं, बल्कि लोगों को भी जोड़ने का काम कर रही है। कंपनी के अनुसार, लोग आज ट्रांसलेट का इस्तेमाल यात्रा, पढ़ाई, बिजनेस, सोशल मीडिया और रोजमर्रा की बातचीत में बड़े पैमाने पर कर रहे हैं।

दिलचस्प बात यह है कि “Thank You” के अलावा “How are you”, “I love you”, “Hello” और “Please” जैसे वाक्य भी सबसे ज्यादा ट्रांसलेट किए जाने वाले शब्दों में शामिल रहे हैं। 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ