Figure AI का कमाल, 8 घंटे लगातार काम कर रहा ह्यूमनाइड AI रोबोट


 कैलिफोर्निया की रोबोटिक्स कंपनी Figure AI ने ऐसा ह्यूमनाइड AI रोबोट पेश किया है, जो इंसानों की तरह लगातार 8 घंटे तक काम करने में सक्षम है। खास बात यह है कि इस रोबोट को न खाने की जरूरत है, न पानी की और न ही किसी ब्रेक की। कंपनी का दावा है कि उसका नया रोबोट एडवांस “हेलिक्स-02” सिस्टम की मदद से बिना इंसानी सहायता के कई तरह के जटिल काम आसानी से कर सकता है।

रिपोर्ट्स के अनुसार, यह AI रोबोट भारी सामान उठाने, बर्तन धोने, कपड़े समेटने और फैक्ट्री से जुड़े कई कार्य लगातार करता रहता है। कंपनी ने इसकी कार्यक्षमता दिखाने के लिए लाइव स्ट्रीम भी शुरू की है, जिसमें रोबोट को लगातार काम करते हुए देखा जा सकता है।

Figure AI का कहना है कि “हेलिक्स-02” सिस्टम रोबोट को इंसानों की तरह सोचने, समझने और वातावरण के अनुसार प्रतिक्रिया देने में सक्षम बनाता है। यही वजह है कि यह मशीन बदलती परिस्थितियों में भी अपने काम को सही तरीके से पूरा कर पा रही है।

तकनीकी विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह के ह्यूमनाइड रोबोट आने वाले समय में फैक्ट्री, वेयरहाउस और घरेलू कामों में बड़ा बदलाव ला सकते हैं। जहां एक तरफ इससे काम की गति और उत्पादकता बढ़ेगी, वहीं दूसरी ओर यह बहस भी तेज हो सकती है कि AI और रोबोटिक्स भविष्य में इंसानी नौकरियों को कितना प्रभावित करेंगे।

हालांकि, कंपनी का कहना है कि इन रोबोट्स का उद्देश्य इंसानों की जगह लेना नहीं, बल्कि कठिन और दोहराव वाले कामों में मदद करना है। फिलहाल यह तकनीक परीक्षण और सीमित उपयोग के दौर में है, लेकिन इसकी क्षमताओं ने दुनिया भर में लोगों का ध्यान खींचा है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ