कानपुर, 17मार्च। सामाजिक सरोकार और मानवता की अनूठी मिसाल पेश करते हुए मंगलामुखी किन्नर समाज द्वारा मंगलवार को पनकी क्षेत्र की गरीब एवं जरूरतमंद महिलाओं के बीच साड़ियों का वितरण किया गया। इस सेवा कार्य में बड़ी संख्या में किन्नरों और महिलाओं ने भाग लेकर लाभ प्राप्त किया।
कार्यक्रम का आयोजन श्री पांच दशनाम जूना अखाड़ा की महालक्ष्मी नंदगिरी मंगलामुखी मन्नत मां के नेतृत्व में हुआ। क्षेत्र में सुबह से ही महिलाओं की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। पनकी हनुमान मंदिर वी आसपास घरों में साड़ियां वितरित की गईं। मंगलामुखी मन्नत मां ने बताया कि समाज के कमजोर और वंचित वर्गों की मदद करना उनका नैतिक कर्तव्य है। इस अवसर पर महामंडलेश्वर महंत श्रीकृष्ण दास जी भी उपस्थित रहे। किन्नर डेरा की नेहा मां और मंजू मां ने कहा कि किन्नर समाज केवल पारंपरिक अवसरों तक सीमित नहीं है, बल्कि अब सामाजिक जिम्मेदारियों को भी सक्रिय रूप से निभा रहा है।
मन्नत मां ने कहा, “जरूरतमंद महिलाओं के चेहरे पर मुस्कान लाना ही हमारे लिए सबसे बड़ी खुशी है। आगे भी समय-समय पर ऐसे सेवा कार्य जारी रहेंगे।”
इस अवसर पर स्थानीय लोगों और समाजसेवियों ने भी कार्यक्रम में सहयोग दिया। साड़ी प्राप्त करने वाली महिलाओं ने मंगलामुखी किन्नर समाज के इस प्रयास की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया और कहा कि इससे उन्हें बड़ी राहत मिली है। कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न हुआ। अंत में आयोजकों ने सभी सहयोगियों एवं उपस्थित जनों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।


0 टिप्पणियाँ