मिथक 1: ब्रेन ट्यूमर मतलब मौत तय है
सच्चाई: यह पूरी तरह गलत है। हर ब्रेन ट्यूमर जानलेवा नहीं होता। कई ट्यूमर बेनाइन (गैर-कैंसरयुक्त) होते हैं, जिनका सही समय पर इलाज कर मरीज सामान्य जीवन जी सकता है। यहां तक कि कई मैलिग्नेंट (कैंसरयुक्त) ट्यूमर भी इलाज से नियंत्रित किए जा सकते हैं।
मिथक 2: ब्रेन ट्यूमर हमेशा कैंसर ही होता है
सच्चाई: सभी ब्रेन ट्यूमर कैंसर नहीं होते। कुछ ट्यूमर धीरे-धीरे बढ़ते हैं और शरीर के अन्य हिस्सों में नहीं फैलते। ऐसे मामलों में सर्जरी या दवाओं से अच्छे नतीजे मिलते हैं।
मिथक 3: सिरदर्द मतलब ब्रेन ट्यूमर
सच्चाई: हर सिरदर्द ब्रेन ट्यूमर का संकेत नहीं होता। हालांकि, लगातार बढ़ता सिरदर्द, सुबह के समय ज्यादा दर्द, उल्टी के साथ सिरदर्द या नजर कमजोर होना जैसे लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। ब्रेन ट्यूमर के शुरुआती लक्षण अक्सर सामान्य सिरदर्द, उल्टी, चक्कर या कमजोरी जैसे लगते हैं, इसी वजह से कई बार बीमारी का पता देर से चलता है।
मिथक 4: ब्रेन ट्यूमर का इलाज संभव नहीं
सच्चाई: आज ब्रेन ट्यूमर के इलाज के कई विकल्प मौजूद हैं—जैसे सर्जरी, रेडिएशन थेरेपी, कीमोथेरेपी और टार्गेटेड थेरेपी। सही इलाज ट्यूमर के प्रकार, आकार और उसकी लोकेशन पर निर्भर करता है।
मिथक 5: ऑपरेशन के बाद इंसान अपाहिज हो जाता है
सच्चाई: आधुनिक न्यूरोसर्जरी तकनीकों में जोखिम पहले से काफी कम हो गया है। कई मरीज सर्जरी के बाद सामान्य जीवन में लौट आते हैं। फिजियोथेरेपी और रिहैबिलिटेशन से रिकवरी और बेहतर होती है।
निष्कर्ष
ब्रेन ट्यूमर कोई सीधी मौत की सजा नहीं है। समय पर पहचान, सही जांच (जैसे MRI/CT स्कैन) और उचित इलाज से इस बीमारी को काबू में किया जा सकता है। सबसे जरूरी है लक्षणों को हल्के में न लेना और जरूरत पड़ने पर तुरंत डॉक्टर से सलाह लेना। जानकारी और जागरूकता ही डर और अफवाहों का सबसे बड़ा इलाज है।
0 टिप्पणियाँ