आज का दिन देश और दुनिया के लिहाज से बेहद अहम रहने वाला है। अंतरराष्ट्रीय कूटनीति से लेकर घरेलू राजनीति, मौसम और खेल तक—हर मोर्चे पर बड़ी हलचल देखने को मिलेगी।
सबसे पहले रूस-यूक्रेन युद्ध की बात करें तो इस जंग को समाप्त करने की दिशा में एक अहम पहल आज से शुरू हो रही है। अबू धाबी में रूस, यूक्रेन और अमेरिका के वार्ताकारों के बीच त्रिपक्षीय बैठक आयोजित की जा रही है। माना जा रहा है कि यह बैठक संघर्षविराम और आगे की शांति प्रक्रिया को लेकर ठोस आधार तैयार कर सकती है। लंबे समय से जारी इस युद्ध ने वैश्विक अर्थव्यवस्था और भू-राजनीति को प्रभावित किया है, ऐसे में दुनिया की नजरें इस बातचीत पर टिकी हैं।
देश की राजनीति में आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का फोकस दक्षिण भारत पर रहेगा। पीएम मोदी आज तमिलनाडु में चुनावी समर का शंखनाद करेंगे। वे यहां कई जनसभाओं को संबोधित करेंगे और विकास कार्यों से जुड़ी योजनाओं का संदेश देंगे। इसके साथ ही प्रधानमंत्री आज केरल का भी दौरा करेंगे, जहां वे कई परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास कर राज्य को अहम सौगातें देंगे। माना जा रहा है कि दक्षिण भारत में यह दौरा आगामी चुनावों के लिहाज से बेहद रणनीतिक है।
राजधानी दिल्ली में भी आज खास तैयारियां रहेंगी। गणतंत्र दिवस समारोह के मद्देनजर आज फुल ड्रेस रिहर्सल का आयोजन किया जाएगा। इसे देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने कई दिशा-निर्देश जारी किए हैं। सुबह से लेकर दोपहर तक कई प्रमुख सड़कों पर यातायात प्रतिबंध रहेगा और लोगों से वैकल्पिक मार्ग अपनाने की अपील की गई है।
अमेरिका से भी एक बड़ी खबर सामने आई है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने देश के सबसे बड़े बैंक जेपी मॉर्गन के खिलाफ पांच अरब डॉलर का मुकदमा दायर किया है। इस कानूनी कदम ने अमेरिकी कॉरपोरेट और राजनीतिक हलकों में हलचल मचा दी है और आने वाले दिनों में इसका असर बाजार पर भी देखने को मिल सकता है।
मौसम की बात करें तो देश के कई राज्यों में पहाड़ से लेकर मैदान तक अलर्ट जारी किया गया है। कहीं शीतलहर तो कहीं बारिश और बर्फबारी की चेतावनी दी गई है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है।
खेल के मैदान से भी आज अच्छी खबर है। भारतीय क्रिकेट टीम आज न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरा टी-20 मुकाबला खेलेगी। पहला मैच जीतकर भारत पहले ही सीरीज में बढ़त बना चुका है और आज जीत का सिलसिला कायम रखने के इरादे से मैदान में उतरेगा।
0 टिप्पणियाँ