एलन मस्क का बड़ा ऐलान, 2026 होगा ‘क्रिएटर्स का साल’, बेस्ट कंटेंट पर मिलेगा 8 करोड़ रुपये तक का इनाम


 सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) ने कंटेंट क्रिएटर्स के लिए एक बड़ा ऐलान किया है, जिसने डिजिटल दुनिया में हलचल मचा दी है। एक्स के मालिक एलन मस्क ने साल 2026 को आधिकारिक तौर पर ‘क्रिएटर्स का साल’ घोषित करते हुए कमाई से जुड़े नए नियमों और रिवॉर्ड सिस्टम की घोषणा की है। इसके तहत अब सिर्फ व्यूज ही नहीं, बल्कि क्वालिटी कंटेंट को भी सीधे करोड़ों रुपये के इनाम से नवाजा जाएगा।

एलन मस्क ने कहा कि एक्स अब केवल सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म नहीं, बल्कि क्रिएटर्स के लिए एक फुल-फ्लेज्ड अर्निंग इकोसिस्टम बनेगा। इसी दिशा में कंपनी ने X Payout प्रोग्राम को और ज्यादा आकर्षक बनाया है। नए अपडेट के मुताबिक, एक्स पर लिखे गए बेहतरीन आर्टिकल्स और हाई-क्वालिटी कंटेंट को कंपनी खुद प्रमोट करेगी और साल के अंत में बेस्ट आर्टिकल को करीब 8 करोड़ रुपये तक का प्राइज दिया जाएगा।

कैसे होगी कमाई?

अब तक एक्स पर कमाई का मुख्य जरिया ऐड रेवेन्यू शेयरिंग था, जिसमें पोस्ट पर आने वाले विज्ञापनों से क्रिएटर्स को हिस्सा मिलता था। नए नियमों के तहत, अब एंगेजमेंट, कंटेंट क्वालिटी और ओरिजिनैलिटी को ज्यादा महत्व दिया जाएगा। यानी लाइक्स, रीपोस्ट और कमेंट्स के साथ-साथ यह भी देखा जाएगा कि कंटेंट कितनी वैल्यू जोड़ता है।

खास तौर पर लॉन्ग-फॉर्म कंटेंट, आर्टिकल्स, रिसर्च-बेस्ड पोस्ट और इनफॉर्मेटिव थ्रेड्स को प्राथमिकता दी जाएगी। कंपनी का मानना है कि इससे प्लेटफॉर्म पर फालतू और भ्रामक कंटेंट की बजाय गंभीर और उपयोगी सामग्री को बढ़ावा मिलेगा।

कौन उठा सकता है फायदा?

इस सुनहरे मौके का फायदा वे क्रिएटर्स उठा सकते हैं जो पहले से एक्स पर एक्टिव हैं या अब कंटेंट क्रिएशन की शुरुआत करना चाहते हैं। इसके लिए जरूरी है कि क्रिएटर का अकाउंट एक्स की मोनेटाइजेशन पॉलिसी के अनुरूप हो, वेरिफिकेशन और सब्सक्रिप्शन जैसी शर्तें पूरी करता हो। इसके अलावा, कंटेंट पर लगातार अच्छा एंगेजमेंट होना भी जरूरी है।

डिजिटल क्रिएटर्स के लिए क्या मायने रखता है यह कदम?

एक्स का यह फैसला साफ संकेत देता है कि आने वाले समय में सोशल मीडिया पर कंटेंट सिर्फ टाइमपास नहीं, बल्कि एक करियर और कमाई का बड़ा जरिया बनने वाला है। 8 करोड़ रुपये जैसे बड़े इनाम की घोषणा से भारत समेत दुनिया भर के क्रिएटर्स को नया मोटिवेशन मिलेगा।

कुल मिलाकर, अगर आप लिखना जानते हैं, रिसर्च कर सकते हैं और लोगों तक असरदार बात पहुंचाने की क्षमता रखते हैं, तो एक्स का यह नया पेलोड प्रोग्राम आपके लिए पैसों की बारिश साबित हो सकता है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ