दिल्ली में नकली दवाओं और फर्जी कॉस्मेटिक्स के कारोबार पर क्राइम ब्रांच ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सक्रिय प्रिंटिंग यूनिट का भंडाफोड़ किया है। यह यूनिट नकली दवाओं और कॉस्मेटिक उत्पादों के लिए पैकेजिंग सामग्री तैयार कर रही थी, जिसे आगे सप्लाई किया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान रामा रोड इलाके में स्थित एक प्रिंटिंग प्रेस पर छापा मारकर अहम सबूत बरामद किए गए हैं।
क्राइम ब्रांच की टीम को लंबे समय से नकली दवाओं के रैकेट से जुड़ी सूचनाएं मिल रही थीं। जांच के दौरान पता चला कि इस अवैध कारोबार में केवल नकली दवाएं ही नहीं, बल्कि उनके रैपर, डिब्बे और लेबल भी असली जैसे तैयार किए जा रहे थे, ताकि आम लोगों को धोखा दिया जा सके। इसी कड़ी में टीम ने दिल्ली के रामा रोड स्थित एक प्रिंटिंग प्रेस को चिन्हित किया और योजनाबद्ध तरीके से वहां छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने स्किन शाइन ऑइंटमेंट के रैपर छापने में इस्तेमाल होने वाले दो डाई फ्रेम बरामद किए। ये डाई फ्रेम उच्च गुणवत्ता वाले रैपर तैयार करने के लिए इस्तेमाल किए जा रहे थे, जिससे नकली उत्पाद बिल्कुल असली जैसे दिखाई दें। अधिकारियों के मुताबिक, यही रैपर बाद में नकली दवाओं और कॉस्मेटिक्स की पैकिंग में इस्तेमाल होते थे और बाजार में सप्लाई किए जाते थे।
जांच में यह भी सामने आया है कि यह प्रिंटिंग यूनिट लंबे समय से सक्रिय थी और नकली दवाओं के बड़े नेटवर्क को पैकेजिंग सामग्री उपलब्ध करा रही थी। इस नेटवर्क के जरिए न केवल दिल्ली, बल्कि अन्य राज्यों में भी नकली दवाओं और कॉस्मेटिक उत्पादों की सप्लाई की जा रही थी। क्राइम ब्रांच अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस रैकेट के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं और किन-किन जगहों पर इन नकली उत्पादों की सप्लाई की गई।
0 टिप्पणियाँ