Robot Army in China: चीन की रोबोटिक्स कंपनी UBTECH ने हाल ही में एक ऐसा वीडियो जारी किया है जिसने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया है। इस वीडियो में सैकड़ों की संख्या में ह्यूमनॉइड रोबोट एक साथ लाइन बनाकर बिल्कुल सैनिकों की तरह कदमताल करते दिखाई देते हैं। रोबोटों का एक जैसा चलना, हाथों का एक जैसी रफ्तार में हिलना और उनकी सिंक्रोनाइज्ड मूवमेंट देखकर लोग हैरान तो हैं ही, साथ ही एक वर्ग के बीच चिंता भी बढ़ गई है।
वीडियो सामने आते ही कई यूज़र्स ने इसे ‘रोबो-आर्मी’ या ‘AI मिलिट्री परेड’ कहना शुरू कर दिया। हालांकि, कंपनी ने साफ किया है कि इसका किसी सैन्य प्रयोग से कोई संबंध नहीं है। UBTECH के अनुसार, यह उनकी नई उपलब्धि का हिस्सा है — यह वीडियो उनके दूसरी पीढ़ी के ह्यूमनॉइड रोबोट मॉडल की पहली बड़ी शिपमेंट को दर्शाता है।
कंपनी का कहना है कि ये रोबोट सुरक्षा जैसी संवेदनशील गतिविधियों के लिए नहीं, बल्कि औद्योगिक उपयोग, वेयरहाउसिंग, हेल्थकेयर, सर्विस सेक्टर और रिसर्च जैसे शांतिपूर्ण उद्देश्यों के लिए बनाए गए हैं।
हालांकि, इंटरनेट पर चर्चाओं का दौर थमा नहीं है। कई लोगों ने सवाल उठाए कि इतनी बड़ी संख्या में एक जैसे रोबोटों का synchronized प्रशिक्षण क्या भविष्य में AI आधारित सेनाओं की दिशा में पहला कदम तो नहीं? वहीं कुछ टेक विशेषज्ञों ने कहा कि यह वीडियो मशीन लर्निंग और रोबोटिक इंजीनियरिंग में चीन की बढ़ती क्षमता को दिखाता है, लेकिन इसे लेकर डरने की जरूरत नहीं है।
UBTECH ने स्पष्ट किया है कि उनका लक्ष्य मानव कार्यों को आसान बनाना है, न कि उन्हें बदलना। उनका दावा है कि नया जेनरेशन रोबोट पहले से ज्यादा तेज़, लचीला और बेहतर AI संचालित क्षमताओं से लैस है, जिसे बड़े औद्योगिक क्षेत्रों में तैनात किया जाएगा।
कुल मिलाकर, वीडियो ने जहां तकनीक प्रेमियों को उत्साहित किया है, वहीं यह AI और रोबोटिक्स के भविष्य को लेकर नई बहस भी छेड़ गया है।
.jpg)
0 टिप्पणियाँ