TikTok: क्या भारत में होगी वापसी? गुरुग्राम ऑफिस में हायरिंग से बढ़ीं अटकलें

गुरुग्राम ऑफिस में नई नौकरी

शॉर्ट वीडियो प्लेटफॉर्म TikTok पर भारत में भले ही अब भी प्रतिबंध है, लेकिन कंपनी ने चुपचाप यहां हायरिंग शुरू कर दी है। हाल ही में लिंक्डइन पर गुरुग्राम ऑफिस के लिए नई वैकेंसी देखी गई, जिसने एप की संभावित वापसी को लेकर चर्चाओं को तेज कर दिया।

भारत में TikTok का सफर और बैन

TikTok, चीनी कंपनी ByteDance का हिस्सा है, जिसे भारत सरकार ने जून 2020 में बैन कर दिया था। यह उन 59 चीनी ऐप्स में शामिल था जिन्हें गलवान घाटी विवाद के बाद राष्ट्रीय सुरक्षा और डेटा प्राइवेसी के आधार पर हटाया गया। बैन से पहले भारत में TikTok के करीब 20 करोड़ यूजर्स थे, जिससे यह कंपनी के लिए सबसे बड़ा बाजार था। हाल में कुछ यूजर्स ने एप की वेबसाइट आंशिक रूप से खुलते देखी, लेकिन सरकारी अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि बैन हटाने का कोई आदेश नहीं है।

निकली नई वैकेंसी

बैन के बावजूद कंपनी ने अपने ट्रस्ट एंड सेफ्टी डिविजन में बांग्ला भाषी कंटेंट मॉडरेटर की वैकेंसी निकाली है। इस पोजिशन का काम यूजर सेफ्टी और कंटेंट मॉडरेशन से जुड़ा होगा। यह कदम संकेत देता है कि कंपनी भारत में अपनी मौजूदगी बनाए रखना चाहती है, भले ही एप की वापसी पर अभी भी संशय बरकरार है।


---

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ