रामलला के किए दर्शन
भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग तोबगे शुक्रवार को अपने विशेष अयोध्या दौरे पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने राम जन्मभूमि परिसर में स्थित भगवान श्रीरामलला के दर्शन किए और विधिवत पूजा-अर्चना की। करीब 1 घंटे 40 मिनट तक वह परिसर में रहे और वहां मौजूद अन्य मंदिरों में भी दर्शन-पूजन किया।
विशेष अतिथि का भव्य स्वागत
अयोध्या एयरपोर्ट से सीधे राम मंदिर पहुंचने पर उनका स्वागत जिला प्रशासन की ओर से रेड कार्पेट बिछाकर किया गया। प्रधानमंत्री तोबगे के साथ प्रदेश सरकार के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, महापौर गिरीश पति त्रिपाठी, विधायक वेद प्रकाश गुप्त सहित कई जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे। उत्तर प्रदेश शासन और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी तथा पुलिस बल ने भी पूरे दौरे के दौरान उनके साथ रहकर सुरक्षा व्यवस्था को संभाला।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
भूटानी प्रधानमंत्री के इस दौरे को लेकर प्रशासन ने विशेष सुरक्षा प्रबंध किए थे। पूरे परिसर और शहर में पीएसी, सीआरपीएफ, एसएसएफ, सिविल पुलिस, एटीएस और एसटीएफ के जवान तैनात रहे। प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से भी दौरे की निगरानी की गई ताकि सुरक्षा व्यवस्था में कोई चूक न हो।
सांस्कृतिक कार्यक्रम और विशेष भोज
रामलला के दर्शन के बाद प्रधानमंत्री शेरिंग तोबगे का काफिला होटल रामायणा की ओर रवाना हुआ। यहां उनके सम्मान में कई सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। खास बात यह रही कि कार्यक्रम भूटान की पारंपरिक शैली में सजाए गए थे, ताकि सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा मिल सके। इसी स्थल पर उनके लिए विशेष भोज की भी व्यवस्था की गई, जिसमें विभिन्न पारंपरिक व्यंजन परोसे गए।
अयोध्या से दिल्ली के लिए प्रस्थान
अपने पूरे दौरे के दौरान प्रधानमंत्री तोबगे ने धार्मिक और सांस्कृतिक गतिविधियों में हिस्सा लिया और अयोध्या की भव्यता तथा अध्यात्मिक वातावरण का अनुभव किया। दर्शन-पूजन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बाद वह दोपहर लगभग 1:30 बजे अयोध्या से दिल्ली के लिए रवाना हो गए।

0 टिप्पणियाँ