नई दिल्ली के भारत मंडपम में दूसरे राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस का आयोजन हुआ। इस कार्यक्रम में ग्रुप कैप्टन और अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला, केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री जितेंद्र सिंह और इसरो अध्यक्ष वी. नारायणन मौजूद रहे। इस मौके पर इसरो ने भारत की अंतरिक्ष उपलब्धियां प्रस्तुत कीं।
भारतीय अंतरिक्ष यात्री की भावनाएं
शुभांशु शुक्ला ने कहा कि आज भारत के अंतरिक्ष कार्यक्रम को लेकर देशभर में उत्साह का माहौल है। उन्होंने कहा, “दो साल पहले हमारे पास यह उत्साह नहीं था, लेकिन अब हमने इसे कायम किया है। आने वाले समय में हमारे सामने गगनयान मिशन, भारतीय अंतरिक्ष स्टेशन और चंद्रमा पर उतरने जैसी बड़ी महत्वाकांक्षाएं हैं।”
बच्चों से अपील
शुक्ला ने उपस्थित छात्रों से कहा कि देश की भावी अंतरिक्ष योजनाओं में उनकी सक्रिय भागीदारी जरूरी है। उन्होंने कहा, “हमें आपके सहयोग और योगदान की आवश्यकता है, क्योंकि आने वाले मिशनों के लिए देश का हर संसाधन महत्वपूर्ण है।”
अंतरराष्ट्रीय सहयोग
अंतरिक्ष यात्री ने बताया कि भारत के मिशन केवल देश तक सीमित नहीं हैं। जापान और यूरोपीय अंतरिक्ष एजेंसियां भी भारत के कार्यक्रमों को लेकर बेहद उत्साहित हैं। उनके अनुसार यह भारत के लिए अंतरिक्ष अन्वेषण का स्वर्णिम काल है।
0 टिप्पणियाँ