कानपुर, जाजमऊ: मिथिला संस्कृति की गरिमा और महिला सशक्तिकरण का प्रतीक सखी बहिनपा मिथिलानी समूह ने कानपुर इकाई द्वारा अपना स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया। कार्यक्रम का आयोजन श्रीश्री पूर्वी माता मंदिर, जाजमऊ में किया गया, जहां पूरे माहौल में श्रद्धा, समर्पण और सांस्कृतिक उल्लास झलकता दिखा।
कार्यक्रम की शुरुआत धार्मिक अनुष्ठान और भजन-कीर्तन से हुई, जिसमें महिलाओं ने सामूहिक रूप से भाग लेकर वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया। इसके पश्चात भव्य भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
सखी बहिनपा मैथिल समाज की महिलाओं की एक देशव्यापी संस्था है, जो संस्कृति, समाज और भाषा के संरक्षण एवं प्रचार में निरंतर कार्यरत है। यह संगठन धार्मिक एवं सामाजिक कार्यों के ज़रिए समाज को जोड़ने और नारी शक्ति को मंच देने का कार्य कर रहा है।
इस कार्यक्रम की सफलता में रीना झा, नेहा झा, अंजू झा, निभा झा समेत कई अन्य सदस्याओं की विशेष भूमिका रही, जिनके समर्पण से यह आयोजन यादगार बन गया।
मिथिला की परंपरा, नारी की भागीदारी यही है सखी बहिनपा की असली पहचान।
0 टिप्पणियाँ