मनमोहन सामल फिर बने ओडिशा भाजपा अध्यक्ष, निर्विरोध हुए निर्वाचित

 भारतीय जनता पार्टी ने एक बार फिर मनमोहन सामल को ओडिशा प्रदेश इकाई का अध्यक्ष नियुक्त किया है। उनकी पुनर्नियुक्ति की औपचारिक घोषणा मंगलवार को पार्टी के केंद्रीय चुनाव पर्यवेक्षक संजय जायसवाल ने भुवनेश्वर स्थित भाजपा कार्यालय में वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति में की।

इससे पहले सोमवार को सामल ने प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल किया था। वे इस पद के लिए एकमात्र उम्मीदवार थे। चुनाव अधिकारी और सांसद प्रताप सारंगी के समक्ष उन्होंने मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी और अन्य नेताओं की मौजूदगी में नामांकन प्रक्रिया पूरी की।

मनमोहन सामल के नेतृत्व में भाजपा ने 2024 के विधानसभा चुनाव में ऐतिहासिक जीत दर्ज की। भाजपा ने 147 सदस्यीय ओडिशा विधानसभा में 78 सीटें जीतकर पूर्ण बहुमत प्राप्त किया, जबकि बीजद को 51, कांग्रेस को 14, निर्दलीयों को 3 और माकपा को 1 सीट मिली। इसके साथ ही भाजपा ने राज्य की 21 लोकसभा सीटों में से 20 पर भी जीत हासिल की।

हालांकि सामल खुद भद्रक जिले के चंदबली सीट से चुनाव हार गए थे। वे इससे पहले भी तीन बार प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ