सब-लेफ्टिनेंट आस्था पुनिया बनीं भारतीय नौसेना की पहली महिला फाइटर पायलट, रचाया इतिहास


 भारतीय नौसेना में इतिहास रचते हुए सब-लेफ्टिनेंट आस्था पुनिया पहली महिला फाइटर पायलट बन गई हैं। अब वे नौसेना के अत्याधुनिक फाइटर जेट, मिग-29 जैसे युद्धक विमानों को उड़ाने की जिम्मेदारी निभाएंगी। अभी तक नौसेना में महिला पायलट टोही विमानों और हेलीकॉप्टर्स तक सीमित थीं, लेकिन आस्था ने पहली बार फाइटर एविएशन की चुनौतीपूर्ण स्ट्रीम में प्रवेश कर नया अध्याय जोड़ा है।

भारतीय नौसेना ने 3 जुलाई 2025 को एक्स (पूर्व ट्विटर) पर इसकी जानकारी साझा की। पोस्ट में बताया गया कि इंडियन नेवल एयर स्टेशन पर आयोजित द्वितीय बेसिक हॉक कन्वर्जन कोर्स के समापन के अवसर पर रियर एडमिरल जनक बेवली ने आस्था पुनिया और लेफ्टिनेंट अतुल कुमार ढुल को 'विंग्स ऑफ गोल्ड' से सम्मानित किया।

हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि आस्था किस विशेष फाइटर जेट पर तैनात होंगी, लेकिन भारतीय नौसेना के पास मिग-29 जैसे एडवांस्ड फाइटर जेट हैं, जो INS विक्रमादित्य और INS विक्रांत जैसे एयरक्राफ्ट कैरियर से ऑपरेट करते हैं। यह जेट 2346 किमी की सामान्य और 722 किमी की कॉम्बैट रेंज रखता है, और 450 किलोग्राम तक के हथियार ले जा सकता है। आस्था की यह उपलब्धि नारी सशक्तिकरण और सैन्य क्षेत्र में एक नई मिसाल है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ