गीता जयंती पर राज्य के सभी स्कूल व कालेजों में मानव श्रृंखला की तैयारी

विस अध्यक्ष महाना ने मुख्यमंत्री को आदेश देने को पत्र लिखा

कानपुर। गीता स्वाध्याय जनआंदोलन के लिए जनता के बीच माहौल बनाने की कोशिशों को विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को लिखे पत्र से बल मिला है। महाना ने मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में अपेक्षा की है कि राज्य में वह गीता सप्ताह के अवसर पर स्वाध्याय जागरूकता के लिए प्रदेश सरकार की ओर से गीता जयंती के दिन 23 दिसंबर अपनी ओर से शुभकामना संदेश देने के साथ ही प्रदेश के प्राथमिक, माध्यमिक एवं उच्च शिक्षण संस्थानों में गीता स्वाध्याय व मानव श्रृंखला बनाने के संबंध में निर्देशित किए जाने पर विचार करने का कष्ट करें।


श्रीमद्भगवतगीता जयंती आयोजन समिति कानपुर प्रांत के संयोजक अमरनाथ ध्येयनिष्ठ ने गत दिवस विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना से मिलकर ज्ञापन सौंपा था। उनकी मांग थी गीता स्वाध्याय आंदोलन राज्यव्यापी बने और मानव श्रृंखला में शिक्षण संस्थानों की भागीदारी हो। यह संगठन गीता स्वाध्याय जन-जन का आंदोलन बनाने के लिए बिगत दो वर्षों से लगातार प्रयासरत है।
ध्येयनिष्ठ का कहना है कि महाना ने उत्तर प्रदेश में मानव श्रृंखला निर्माण के लिए और गीता जयंती के दिन मुख्यमंत्री जी द्वारा प्रदेश की जनता को शुभकामना संदेश के लिए अति महत्वपूर्ण पत्र लिखा है। कानपुर से शुरू हुआ यह आंदोलन उत्तर प्रदेश में फैल रहा है। गीता संदेश मानव श्रृंखला के माध्यम से राष्ट्रीय निर्माण, समाज जागरण का यह जन आंदोलन भारत को विश्व गुरु बनाने में माहती भूमिका निभाएगा। गीता को यूपी के समस्त स्कूलों व कालेजों के पाठ्यक्रम में शामिल कराने का प्रयास बीते एक साल से जारी है। आयोजन समिति ने पाठ्यक्रम का मसौदा भी तैयार कर लिया है जिसे निजी स्कूलों में वितरित करेंगे। यही नहीं इस मांग को लेकर ज्ञापन भी दिए गए हैं। यही नहीं श्रीमद्भगवत गीता जयंती आयोजन समिति गीता को राष्ट्रीय ग्रंथ बनाने को भी प्रयासरत है जिसकी मांग केंद्र सरकार से वर्ष 2014 से की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *