न्यूज़ जंगल विशेष
कानपुर। कांग्रेस में 40 फीसदी टिकट महिलाओं को देने के प्रियंका गांधी के बयान के बाद कांग्रेस में विधानसभा चुनाव की टिकट को लेकर महिला दावेदारों में नया उत्साह देखा जा रहा है। कानपुर से करिश्मा ठाकुर का नाम गोविंद नगर विधानसभा क्षेत्र से चल ही रहा था कि श्रीमती मधु शुक्ला किदवईनगर विधानसभा क्षेत्र से टिकट के लिए आवेदन कर दिया है। मधु शुक्ला हिमाचल प्रदेश के प्रभारी मनमोहन सरकार में संसदीय राज्य मंत्री रहे राजीव शुक्ला की सगी भाभी हैं। कहा जाता है कि मधु की दिल्ली की दौड़ के बाद उन्हें टिकट का आश्वासन मिला और उसके बाद ही उन्होंने सिर्फ एक सीट किदवईनगर से टिकट के लिए आवेदन किया है। किदवई नगर ब्राह्मण बहुल विधानसभा क्षेत्र है। मधु शुक्ला ने इसी 20 को किदवई नगर क्षेत्र में बैठक भी बुलायी है।
किदवईनगर विस क्षेत्र से प्रबल दावेदार पूर्व विधायक अजय कपूर हैं। अजय तीन बार कांग्रेस की टिकट से विधायक निर्वाचित हो चुके हैं। दो बार गोविंदनगर विधानसभा क्षेत्र से तथा परिसीमन के वह किदवई नगर से भी एक बार विधायक निर्वाचित हो चुके हैं। तब उन्होंने भाजपा की टिकट लड़े विवेकशील शुक्ला को पराजित किया था। विवेकशील शुक्ला का निधन हो चुका है। 2017 के चुनाव में किदवई नगर से भाजपा की टिकट पर महेश त्रिवेदी लड़े थे। महेश ने अजय कपूर को भारी मतों से पराजित किया था। अबकी बार भी दोनों के एक बार फिर आमने-सामने होने के आसार हैं।



हालांकि की किदवईनगर विस क्षेत्र का जातीय समीकरण देखें तो ब्राह्मण वोटों की बहुतायत है। यह वोट एक लाख से ऊपर है। बताया जाता है कि इसी आधार पर मधु शुक्ला ने दावेदारी की है। उधर अजय कपूर अपने आचरण व व्यवहार के बूते मैदान में हैं। अजय कपूर कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव भी हैं। उन्हें बिहार और पश्चिम बंगाल में चुनाव प्रभारी बनाकर पार्टी ने भेजा था। अपने विधायकी के कार्यकाल में उन्होंने जमकर विकास कार्य कराया था। चुनाव हारने के बाद भी वह क्षेत्र में अच्छे खासे सक्रिय हैं। कांग्रेस में लोग यह मानकर चल रहे हैं अजय कपूर का टिकट पक्का है। बताते हैं कि मधु शुक्ला पहले कल्याणपुर और दूसरे नंबर पर किदवई नगर विस क्षेत्र से मांग रही थी।



इस सिलसिले में दिल्ली से लौटने के बाद उन्होंने सिर्फ किदवई नगर क्षेत्र से ही दावा करने का निर्णय लिया। उन्होंने newsjungal.com से बातचीत करते हुए बताया कि उन्होंने किदवईनगर विधानसभा क्षेत्र से टिकट के लिए आवेदन कर दिया है। इसके लिए वह पार्टी के प्रदेश प्रभारी और प्रदेश अध्यक्ष से भी मिल चुकी हैं। यह पूछने पर क्या उन्हें केंद्रीय नेतृत्व से ग्रीन सिगनल मिल गया है, मधु ने बताया कि वह पार्टी कार्यकर्ता हैं। और प्रियंका गांधी से प्रभावित हैं। प्रियंका जी ने 40 प्रतिशत महिलाओं को चुनाव लड़ाने की घोषणा करते हुए महिलाओं का आव्हान किया तो वह खुद रोक न पायीं। अब चुनाव लड़ाने का फैसला नेतृत्व का है। मैने (मधु शुक्ला) तो सिर्फ आवेदन किया है। मेरे चुनाव लड़ने का पार्टी का आदेश होगा तो चुनाव जीतकर दिखा देंगी। यह पूछने पर कि क्या राजीव शुक्ला से भी उन्हें आश्वासन मिला है? यह सवाल वह मुस्कराकर टाल गयीं।