Site icon News Jungal Media

Bihar: रक्षाबंधन मनाकर लौट रही महिला के साथ हुआ हादसा, बाइक से अनियंत्रित होकर गिरने से हुई मौत…

नालंदा के दीपनगर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई। बताया जा रहा है की महिला अपने मायके से रक्षाबंधन का त्योहार मनाकर अपने ससुराल लौट रही थी।

News jungal desk: बिहार के नालंदा में शुक्रवार को बिहार शरीफ राजगीर फोरलेन पर सड़क हादसे में एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। घटना दीपनगर थाना क्षेत्र के दीपनगर बाजार के पास हुई । मृतका की पहचान पटना जिला के दनियावां थाना क्षेत्र के बढ़ौना गांव निवासी राजेश कुमार की पत्नी प्रेमलता कुमारी (35) के रूप में की गई है।

जानकारी के मुताबिक, महिला अपने मायके राजगीर से रक्षाबंधन मनाकर पति और दो बच्चों के साथ बाइक पर सवार होकर अपने ससुराल लौट रही थी। तभी दीपनगर थाना क्षेत्र के दीपनगर बाजार में ब्रेकर पार करने के दौरान महिला बाइक से अनियंत्रित होकर सिर के बल गिर गई, जिसके चलते उसे गंभीर चोट आ गई। इस हादसे में उसकी जान चली गई। मौत की पुष्टि के बाद पति समेत दोनों बच्चों का रो-रो कर बुरा हाल है। वहीं, घटना की जानकारी मिलते ही मायके वाले भी अस्पताल पहुंच गए। उसके बाद पूरा अस्पताल परिसर परिजनों की चीत्कार से गमगीन हो गया।

दीपनगर थानाध्यक्ष सुनील कुमार जायसवाल ने बताया कि चलती बाइक से अनियंत्रित होकर महिला सड़क पर गिर गई। इस कारण उसके सिर में गंभीर चोट लग गई। घायल महिला को स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने बिहार शरीफ सदर अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। फिलहाल पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने की प्रक्रिया में जुट गई है। पूरे मामले की पड़ताल की जा रही है।

Read also: सितंबर के महीने में मानसून फिर से दे सकता है दस्तक, इन राज्यों में बारिस के आसार !

Exit mobile version